पटना। रिसेप्शन पार्टी से बाहर निकलते ही गोलियों की तड़तड़ाहट खौफ पैदा करने लगी। लोग इधर-उधर भागने लगे। किसी को कुछ समझ में ही नहीं आ रहा था कि आखिर शादी के इस खुशनुमा माहौल में गोलियां कौन चला रहा है। पटना में अपराधी अब उत्सव के माहौल में भी खून की होली खेल रहे हैं। गोपालपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव में रविवार की देर रात उस समय कोहराम मच गया, जब एक रिसेप्शन पार्टी से बाहर निकल रहे दो सगे भाइयों को अपराधियों ने निशाना बनाया। मनीष कुमार (32) और मंजीत कुमार (24) पर घात लगाए हमलावरों ने अंधाधुंध फायरिंग की। घटना के बाद इलाके में भारी तनाव व्याप्त है। परिजनों का आरोप है कि उन्होंने पहले भी पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई थी, लेकिन प्रशासन की लापरवाही के कारण आज दो चिराग बुझ गए।
बताया जा रहा है कि घटना रविवार रात करीब 9:15 बजे की है, जब शाहपुर के रहने वाले राजकिशोर राय के बेटे मनीष और मंजीत एक पड़ोसी के रिसेप्शन में शामिल होने गए थे। पार्टी के दौरान ही कुछ लोगों से उनकी बहस हुई थी। जैसे ही दोनों भाई खाना खाकर बाहर निकले, पहले से तैयार अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ 20 गोलियां चला दीं। मनीष की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मंजीत ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया।
स्थानीय ग्रामीणों और परिजनों के अनुसार, इस जघन्य हत्याकांड के पीछे छह एकड़ जमीन का विवाद है जो पिछले 40 वर्षों से पटीदारों के साथ चल रहा था। पांच महीने पहले ही अदालत ने मनीष के परिवार के पक्ष में फैसला सुनाया था, जिससे आरोपी पक्ष बौखलाया हुआ था। पीड़ितों ने कृष्णा, प्रेम और उनके परिवार के सदस्यों पर हत्या का सीधा आरोप लगाया है।
साभार नवभार टाइम्स
देश / विदेश
पटना में रिसेप्शन पार्टी के बाहर कोहराम: गोलियों की तड़तड़ाहट से दहला शाहपुर, दो सगे भाइयों की हत्या
- 23 Feb 2026



