Highlights

इंदौर

बहन को लेने पहुंचे भाई को जीजा ने पीटा

  • 19 Aug 2023

इंदौर। बहन को लेने ससुराल पहुंचे भाई की जीजा ने जमकर पिटाई कर डाली । साला अपनी मां के साथ बहन को लेने के लिए घर पहुंचा था। चंदननगर थाने में फरियादी अरशद खान पिता अनीश खान निवासी गीता नगर की शिकायत पर उसके जीजा सलमान खान निवासी डायमंड पैलेस के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज किया गया है। फरियादी अरशद ने पुलिस को बताया कि वह अपनी मां तस्लीम बी के साथ बहन सायमा के घर डायमंड पैलेस उसे लेने गया था। वहां पर उसके जीजा सलमान इसी बात पर नाराज हो गया कि वह बिना बताए उसकी पत्नी को लेने क्यों आए हैं। दोनों में कहा सुनी हो गई बात इतनी बढ़ गई कि सलमान ने अरशद की पिटाई कर डाली।
11111111111111
दो पक्षों में विवाद
इंदौर। राऊ थाना क्षेत्र में दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। विवाद के बाद दोनों पक्ष थाना पहुंचे और शिकायत दर्ज करवाई ।
घटना स्टेशन रोड की है। पुलिस को संदीप पिता मधुसूदन जाधव ने शिकायत दर्ज करवाई कि राजेश सोनी ने मेरे पिता से कहा कि मेरे घर के सामने नींबू काटकर क्यों फेंके। सोनी ने कहा कि तुम जादू-टोने क्यों कर रहे हो, इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। संदीप ने राऊ पुलिस को राजेश सोनी और मुकेश सोनी की शिकायत दर्ज करवाई और बताया कि दोनों ने मेरे और मेरे पिताजी के साथ पाईप से मारपीट की। बीचबचाव करने आई संदीप की बहन कोमल भी हाथापाई का शिकार हो गई। इधर राजेश सोनी ने पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई कि उन्होने मधुसूदन जाधव को घर के सामने नींबू काटकर फेंकने पर टोका तो जाधव ने कहा कि मेरी तबीयत खराब रहती है इसके बाद मधुसूदन और बेटे संदीप ने मेरे साथ मारपीट की। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
11111111111111
कलयुगी बेटे बहु ने बुजुर्ग को पीटा
इंदौर। कलयुगी बेटे बहू ने बुजूर्ग के साथ मारपीट की है । बुजुर्ग ने अपनी बहू को घर की सफाई करने को कहा था। इससे वह नाराज हो गई । उसने जब ससुर से मारपीट शुरू की उसी दौरान उसका पति आ गया उसने भी बूढ़े पिता पर हाथ साफ किए।
मानपुर पुलिस ने बाबूलाल चौहान निवासी ग्राम हसलपुर की शिकायत पर उसके बेटे पप्पू और बहू दीपा के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज किया है। बाबूलाल ने पुलिस को बताया कि वह घर पर था, उसने बहु दीपा को घर में से कचरा साफ करने के लिए कहा। इसी बात पर दीपा नाराज हो गई । उसे गालियां देने लगी। बाबूलाल ने विरोध किया तो बहू ने मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान बाबूलाल का बेटा पप्पू आ गया पप्पू ने भी अपनी पत्नी का साथ देते हुए बुजुर्ग पिता को डंडों से पीटा।
1111111111111
युवक ने की खुदकुशी
एक युवक ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। मृतक का नाम नीरज पिता अशोक सिंह निवासी राजाराम नगर बाणगंगा है। उसके भाई शैलेंद्र ने बताया कि नीरज पहले स्टीम प्रेस का काम करता था। कोरोना के दौरान उसका काम बंद हो गया। उसके बाद नया काम शुरू नहीं हो पाया। लंबे समय से वह डिप्रेशन में था। रात को छत पर टहल रहा था ,उसकी पत्नी ने उसे कमरे में आने को कहा और फिर सो गई। देर रात तक जब नीरज कमरे में नहीं आया तो परिवार वालों ने उसे ऊपर तलाशा। वह छत पर बने छोटे से कमरे में फांसी के फंदे पर टंगा हुआ मिला। मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है।
1111111111111
सडक़ हादसे में मौत
इंदौर। एक युवक की सडक़ हादसे में मौत हो गई । मृतक का नाम बंटी पिता सतीश निवासी मूसाखेड़ी है। वह इंदौर में मजदूरी करता था । पिछले दिनों वह अपने दोस्त के साथ देवास के बागली से काम पर से लौट रहा था तभी हादसे का शिकार हो गया । परिजन उसे इलाज के लिए एमवाय अस्पताल लेकर आए थे यहां उसने दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है उसका साथी भी गंभीर रूप से घायल हुआ था।