Highlights

राज्य

भाजपा मंडल अध्यक्ष ने चुनाव टीम को बेसबॉल से पीटा

  • 02 Jul 2022

इंस्पेक्टर की वर्दी फाड़ी, नर्मदापुरम में भाभी की हार पर खोया आपा
नर्मदापुरम। नर्मदापुरम जिले के सिवनी मालवा में भाजपा की गुंडागर्दी सामने आई है। भाजपा के ग्रामीण मंडल अध्यक्ष वरुण पटेल  रघुवंशी ने बांकाबेड़ी पंचायत में चुनाव दल पर डंडे और बेसबॉल से हमला कर दिया। उनके डेढ़ दर्जन समर्थकों ने पीठासीन अधिकारी, स्टाफ और दो पुलिसकर्मियों से भी मारपीट की।
हमले में पीठासीन अधिकारी रत्नेश तिवारी, गौरव प्रजापति, इंस्पेक्टर रामप्रसाद करवेती और कॉन्स्टेबल अतुल विश्वकर्मा को चोट आई है। इंस्पेक्टर रामप्रसाद कवरेती की वर्दी भी फट गई। भाजपा मंडल अध्यक्ष वरुण की भाभी को जनपद पंचायत के वार्ड 19 में बांकाबेड़ी मतदान केंद्र से हार मिलने के बाद इस घटनाक्रम को अंजाम दिया गया।
रात 9 बजे मतदान दल बस के आने का इंतजार कर रहा था, इसी वक्त भाजपा मंडल अध्यक्ष 15-20 साथियों के साथ मतदान केंद्र पहुंचा। पीठासीन अधिकारी पर दोबारा मतगणना करने का दबाव बनाने लगा। दल के इनकार करने पर वरुण और उसके साथियों ने जनपद पंचायत के प्रत्याशियों की पेटी को लूट लिया। मतपत्र निकालकर फाड़ दिए।
रात में पहुंचे कलेक्टर, एसपी, एफआईआर की
घटनाक्रम की सूचना मिलने के बाद कलेक्टर नीरज कुमार सिंह, एसपी डॉक्टर गुरकरन सिंह सिवनी मालवा और बांकाबेडी पहुंचे। रात करीब 2 बजे बलवा सहित अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई। रातभर पुलिस फोर्स तैनात रहा।
भाजपा मंडल अध्यक्ष सहित 15 लोगों पर एफआईआर
चुनाव दल पर हमला करने और मतपत्र फाडऩे के मामले में भाजपा मंडल अध्यक्ष वरूण रघुवंशी सहित 15 लोगों पर पुलिस प्रकरण दर्ज हुआ। टीआई जितेंद्र सिंह यादव ने कहा वरुण रघुवंशी, शुभम रघुवंशी सहित 15 लोगों ने चुनाव दल पर डंडे और बेसवॉल से हमला किया। उन्होंने पेटी का ताला तोड़कर मतपत्र फाड़ दिए। सभी के खिलाफ धारा 147,148,294, 506, 353, 332,186, 204, लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 135 ए 136, एससी, एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया। वरूण रघुवंशी भाजपा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष है। सभी आरोपी फरार है। जिनकी तलाश जारी है।
चुनाव आयोग के निर्देंश पर होगी कार्रवाई
कलेक्टर व जिला निर्वाचन अधिकारी नीरज कुमार सिंह ने बताया बांकाबेड़ी में मतदान केंद्र पर मतगणना के बाद मतपेटियां सील की जा रही थी, तब वरूण रघुवंशी सहित कुछ लोगों ने आकर मतपत्र फाड़े। जनपद प्रत्याशियों के लिए डाले गए मतपत्रों को फाड़ा गया है। चुनावी दल भी हमले में घायल हुआ है। हमला करने वालों में शामिल वरुण रघुवंशी को सरपंच पद के लिए अधिक वोट मिले है। सरपंच प्रत्याशियों वाली पेटी को नुकसान नहीं पहुंचा। चुनाव आयोग को घटनाक्रम का प्रतिवेदन बनाकर भेज रहे है। पुलिस केस दर्ज कर लिया है। आगामी कार्रवाई आयोग के निर्देंश पर होगी।