Highlights

देश / विदेश

भिवाड़ी में खूनी संघर्ष: गौ तस्करों और गौ रक्षकों के बीच मुठभेड़, पत्थरबाजी में एक युवक की मौत; इलाके में भारी पुलिस बल तैनात

  • 03 Mar 2026

जयपुर। राजस्थान के भिवाड़ी में रविवार देर रात को कथित गौ तस्करों और गौ रक्षकों के बीच हिंसक झड़पें हुई हैं। बताया जाता है कि कुछ लोग कथित गौ तस्करों का पीछा कर रहे थे तभी दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। इस दौरान हुई पत्थरबाजी में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया जिसकी अस्पताल में मौत हो गई है। मृतक के परिजनों ने गौ रक्षकों पर गोली मारकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस ने मौके से 5 गोवंश बरामद किए हैं। तनाव को देखते हुए भारी फोर्स तैनात की गई है।
राजस्थान के भिवाड़ी शहर के चोपानकी थाना क्षेत्र में रविवार देर रात को गौ रक्षकों को गौ तस्करी की सूचना मिली थी। इस पर गौ रक्षक मौके पर पहुंचे तो उनकी मुठभेड़ कथित गौ तस्करों से हो गई। दोनों ओर से जमकर पत्थरबाजी हुई। इस मुठभेड़ में एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
भिवाडी डीएसपी कैलाश चौधरी ने बताया की पुलिस को फोन पर सूचना मिली थी कि कुछ लोग गायों की तस्करी कर रहे हैं। फोन करने वाले ने यह भी बताया कि कुछ लोग इन कथित गौ तस्तरों का पीछा कर रहे हैं। इसी दौरान दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। मुठभेड़ के दौरान दोनों ओर से पत्थरबाजी हुई, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
साभार लाइव हिन्दुस्तान