Highlights

देश / विदेश

भरोसेमंद कर्मचारी ही निकला चोर, सूरत की फैक्ट्री से 30 लाख का सोना-हीरा पार

  • 30 Jun 2026

सूरत. सूरत के हीरा और सोना कारोबार के प्रमुख केंद्र महिधरपुरा इलाके से चोरी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. भवानीवड मेन रोड स्थित 'सांधा ज्वेलर्स' के ज्वेलरी निर्माण कारखाने से एक कर्मचारी करीब 30.42 लाख रुपये मूल्य का सोना और हीरा चोरी कर फरार हो गया. पूरी घटना फैक्ट्री में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. फुटेज के आधार पर महिधरपुरा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है.
पुलिस के अनुसार, पीपलोद इलाके में रहने वाले और मूल रूप से पश्चिम बंगाल के निवासी प्रदीप कुमार चंद्रनाथ माइती महिधरपुरा में सोने और हीरे के आभूषण बनाने की फैक्ट्री चलाते हैं. आरोपी कर्मचारी संजुब साध्य उर्फ तपन, जो पश्चिम बंगाल के हुगली का रहने वाला है, पहले भी पांच साल तक इसी फैक्ट्री में काम कर चुका था. पुराने भरोसे के चलते उसे 2 जून को दोबारा 25 हजार रुपये मासिक वेतन पर नौकरी पर रखा गया था.
घटना 17 जून की सुबह की है. फैक्ट्री के मैनेजर सुदीप कुमार दास ने संजुब से लॉकर में रखे आभूषण निकालकर काम शुरू करने के लिए कहा. इसके बाद मैनेजर किसी काम से ऊपर के फ्लोर पर चले गए. पुलिस के मुताबिक इसी दौरान संजुब ने मौका पाकर लॉकर से सोना और हीरे निकाल लिए और कुछ ही मिनटों में फैक्ट्री से फरार हो गया.
साभार आज तक