मेरठ। लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के किदवई नगर इस्लामाबाद में सोमवार रात एक कपड़ा कारोबारी के घर में भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से झुलसने और दम घुटने के कारण एक ही परिवार के पांच बच्चों और एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।
किदवई नगर इस्लामाबाद की गली नंबर-3 में स्थित यह तीन मंजिला मकान कपड़ा कारोबारी इकबाल अहमद का है। इस मकान में उनके दो बेटों, आसिम और फारूक के परिवार भी साथ रहते हैं। मकान के प्रथम तल पर आई संस एम्ब्रॉयडरी का कारखाना संचालित होता है, जहां पावरलूम के जरिए धागों से कपड़ा तैयार किया जाता है जबकि दूसरी मंजिल पर परिवार निवास करता है।
हादसे के वक्त इकबाल अहमद और उनके दोनों बेटे आसिम व फारूक तरावीह की नमाज पढ़ने के लिए मस्जिद गए हुए थे। घर पर इकबाल की पत्नी अमीर बानो, आसिम की पत्नी रुखसार, उनका 3 वर्षीय बेटा अकदस, 6 माह की जुड़वां बेटियां नबिया व इनायत और फारूक की बेटी महविश व बेटा हम्माद मौजूद थे। रात करीब 9:30 बजे अचानक घर में आग लग गई। देखते ही देखते लपटें विकराल हो गईं और पूरी इमारत धुएं के गुबार से भर गई।
संकरी गलियों में नहीं पहुंच सकी फायर ब्रिगेड, स्थानीय लोगों ने दिखाया साहस
घर के भीतर चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग जमा हो गए और तुरंत पुलिस व फायर ब्रिगेड को सूचित किया। हालांकि इलाका बेहद घनी आबादी वाला और गलियां संकरी होने के कारण फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके तक नहीं पहुंच सकीं। ऐसे में स्थानीय लोगों ने साहस दिखाया और छतों के रास्ते घर में प्रवेश कर झुलसी हुई महिलाओं और बच्चों को बाहर निकाला। लोगों ने निजी संसाधनों और पानी डालकर आग पर काबू पाया।
साभार अमर उजाला
देश / विदेश
मेरठ में भीषण अग्निकांड: कपड़ा कारोबारी के घर में लगी आग, 5 बच्चों और एक महिला की दर्दनाक मौत
- 24 Feb 2026



