रात का पारा 1 डिग्री लुढ़कने के बाद भी 6 डिग्री ज्यादा, आज भी छाएंगे बादल
इंदौर। दिसंबर माह आधा बीतने के बाद गुरुवार को इंदौर में मौसम ने करवट ली। बुधवार को जहां दिन और रात में बादलों की लुकाछिपी का खेल चलता रहा, वहीं गुरुवार तड़के मावठे की बारिश ने शहर के कई हिस्सों को भिगो दिया। पिछले 24 घंटे में दिन और रात का पारा 1-1 डिग्री लुढ़का है। इसके बावजूद रात का पारा सामान्य से 6 डिग्री ज्यादा है। सुबह बारिश होने व कई स्थानों पर मावठे की स्थिति होने से सुबह मौसम में हल्की ठंड़क घुली हुई है।
बुधवार को दिन का अधिकतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 1 डिग्री कम है जबकि रात का न्यूनतम तापमान 16.7 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 6 डिग्री ज्यादा है। इसके पूर्व मंगलवार को दिन का अधिकतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस (-2) तथा रात का न्यूनतम तापमान 18.4 डिग्री सेल्सियस (+7) रहा। यानी 24 घंटे में दिन और रात का तापमान 1-1 डिग्री सेल्सियस कम हुआ है। बुधवार को दृश्यता 4 किमी तक थी जबकि हवा की रफ्तार 8 किमी होने के साथ मावठे की स्थिति है। इसके पूर्व गुरुवार तड़के 5 बजे मौसम बदला और पूर्व व पश्चिम दोनों क्षेत्रों बारिश शुरू हो गई। इसके बावजूद गर्मी का अहसास था। गरुवार सुबह से ही बादल छाए हुए हैं तथा मौसम में ठण्डक है। मौसम वैज्ञानिकों ने अभी एक-दो दिन ऐसा ही मौसम रहने के आसार बताए हैं।
दरअसल अभी बंगाल की खाड़ी में बने साइक्लोन मैंडूस के असर से इंदौर संभाग में बूंदाबांदी होने के आसार हैं। मौसम वैज्ञानिकों ने मुताबिक16 और 17 दिसंबर को रात के तापमान में गिरावट होगी और ठंड का असर बढ़ जाएगा। अभी अरब सागर के पूर्वी मध्य हिस्से में मैंडूस सक्रिय है। दक्षिण पूर्वी और दक्षिण पश्चिमी के साथ बंगाल की खाड़ी से नमी आ रही थी। अब अरब सागर से भी नमी मिल रही है। इसके कारण इंदौर, खंडवा सहित मालवा-निमाड़ के कुछ हिस्सों में बारिश हुई। गुरुवार को धार, झाबुआ, अलीराजपुर, खरगोन, बड़वानी, बुरहानपुर, खंडवा में हल्की बूंदाबांदी के आसार हैं। 18-19 दिसंबर के बाद फिर भी मौसम बदला होगा। कुछ इलाकों में बूंदाबांदी हो सकती है। दिसंबर के अंत तक अच्छी ठंड का एहसास होने लगेगा।
इंदौर
मावठे की बारिश से मौसम में घुली ठंड़क

- 15 Dec 2022