Highlights

भोपाल

मध्य प्रदेश की नई उड़ान: खेती से लेकर इलाज तक, एआई से बदलेगी राज्य की सूरत

  • 21 Feb 2026

भोपाल। नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट 2026 में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मीडिया को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश एक कृषि प्रधान राज्य है और देश की अर्थव्यवस्था में उसका बड़ा योगदान है। कृषि क्षेत्र में गेहूं, धान और सोयाबीन उत्पादन के मामले में मध्य प्रदेश देश में महत्वपूर्ण स्थान रखता है। किसानों की उत्पादन क्षमता बढ़ाने और फसलों में होने वाली बीमारियों की समय पर पहचान और रोकथाम के लिए एआई का किस तरह उपयोग किया जा सकता है, इस पर विचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार आगे बढ़ रहा है और मध्य प्रदेश भी इसमें अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार चिकित्सा के क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई का उपयोग बढ़ाएगी। एआई की मदद से बीमारियों की समय पर पहचान और सही इलाज संभव होगा। आने वाले समय में राज्य सरकार कई और कंपनियों के साथ काम करेगी और उनके निवेश का लाभ लेगी। उन्होंने बताया कि बड़े और छोटे शहरों में आईटी पार्क को बढ़ावा दिया जा रहा है, ताकि युवाओं को रोजगार के अवसर मिल सकें। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे राज्य में पर्याप्त भूमि और पानी उपलब्ध है। ऐसे में बड़े निवेशकों को बुलाकर यहां डेटा सेंटर स्थापित किए जा सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य आत्मनिर्भर भारत और आत्मनिर्भर मध्य प्रदेश की दिशा में आगे बढ़ रहा है। सरकार ने कई कंपनियों के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) किए हैं और कई कंपनियों को निवेश के लिए आमंत्रित भी किया है। समिट के दौरान मुख्यमंत्री मोहन यादव ने गूगल के अधिकारियों के साथ बैठक की और तकनीकी सहयोग को लेकर चर्चा की। उन्होंने कहा, “एआई के साथ जुड़कर दुनिया के साथ कदम मिलाने का यह बहुत अच्छा मौका है। मैं अपने अधिकारियों के साथ यहां आया हूं। हम यह समझने आए हैं कि हमारे राज्य के लिए क्या बेहतर है और हम दुनिया के साथ कैसे साझेदारी कर सकते हैं, ताकि मध्य प्रदेश आगे बढ़ सके।”
साभार अमर उजाला