इंदौर। खजराना इलाके में एक महिला की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। वहीं मल्हारगंज थाना क्षेत्र में एक मजदूर की करंट लगने से जान चली गई। दोनों ही मामलों में पुलिस मर्ग कायम कर जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार खजराना के जल्ला कॉलोनी में रहने वाली रुबीना पति रशीद को इलाज के लिए एमवाय अस्पताल में भर्ती किया गया था। जहां उसकी मौत हो गई। पति रशीद हम्माली का काम करता है। उसका कहना है कि रुबीना को झटके आते थे। वह घर में सोती की सोती रह गई। इधर उसे एमवाय अस्पताल में जब भर्ती किया गया तो ऊंचाई से गिरने की बात बताई गई थी। खजराना पुलिस का कहना है मामले में जांच की जा रही है।
उधर, मल्हारगंज इलाके में एक मजदूर की करंट से मौत हो गई। चौक से मजदूरी करने के लिए वह गया था। मिली जानकारी के अनुसार मृतक का नाम कमलेश पिता कालन निवासी सागर है। कल वह मल्हारगंज कन्या स्कूल के पास निमार्णाधीन जगह पर काम करने के लिए गया था। तोताराम नामक युवक वहां एक तार जोड़ रहा था। उसी दौरान कमलेश करंट की चपेट में आ गया मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया। पुलिस मर्ग कायम कर जांच कर रही है।
इंदौर
महिला की संदिग्ध मौत, करंट लगने से गई मजदूर की जान
- 01 Dec 2022



