इंदौर। चोरों ने एक मल्टी के फ्लैट को निशाना बनाया और यहां पर वारदात को अंजाम देते हुए लाखों रुपए के जेवरात उड़ा लिए।
पुलिस के अनुसार वारदात सुपर कारीडोर पर स्थित तिरूमला टाउन के ए ब्लाक में फ्लैट नंबर 403 में रहने वाले सोनू पिता सुभाष वाघ के यहां हुई। वे कल फ्लैट पर ताला लगाकर कहीं गए थे। इस दौरान घर में चोर ताला तोड़कर घुसे और आलमारी में रखा एक सोने की नेकलेस,तीन जेडी सेने की इयर रिंग, दो डायमंड की अंगुठी, एक सोने की चैन और पेंडल ले उड़े। कुल जेवरात की कीमत दो लाख रुपए है। जब सोनू वापस लौटे तो वारदात का पता चला। ज्वेलर्स के यहां पर काम करने वाले सोनू ने इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी। मामले में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
सीसीटीवी फुटेज से चोरों की तलाश
दीपावली मनाने गए परिवार के घरों में चोरी की वारदात हो गई। चोरों ने एक साथ तीन घरों को निशाना बनाया। इसी दौरान नजदीक ही रहने वाला पुलिसकर्मी अपनी ड्यूटी से घर पहुंचा। चोरों ने उसे देखा तो खेतों में दौड़ लगा दी। पुलिसकर्मी ने उनका पीछा भी किया। लेकिन एक भी चोर हाथ नहीं आया। बदमाशों की बाइक मिली, लेकिन वह भी चोरी की निकली। अब पुलिस सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की तलाश में जुटी है। लसूडिय़ा पुलिस ने बताया कि घटना थाना क्षेत्र के बायब्रेंट ग्रीन्स कॉलोनी की है। दवा कंपनी में सेल्स मैनेजर शैलेन्द्र सिंह अपनी पत्नी व बच्चों के साथ आष्टा के पास अपने माता-पिता के घर गए थे। मंगलवार अलसुबह यहां चोरों ने उनके घर को निशाना बनाया। चोर यहां से सोने का हार,अंगूठी, बच्चों के जेवर, 45 हजार रुपए नकदी और चांदी के जेवर सहित अन्य सामान चुराकर ले गए। शैलेन्द्र ने बताया कि आरोपियों ने नजदीक ही रहने वाले एसी इंजीनियर अजय प्रजाप्रति और आईटी कंपनी में काम करने वाले मोहित सोनी के घरो को भी निशाना बनाया। यहां से भी आरोपी कुछ नकदी रुपए व एलईडी सहित अन्य सामान लेकर फरार हो गए।
बायब्रेंट ग्रीन में पुलिसकर्मी अरविन्द्र भी शैलेन्द्र के घर से कुछ ही दूरी पर रहते हैं। अलसुबह वह ड्यूटी से घर वापस आए तो चोरों ने उनकी बाइक देखकर दौड़ लगा दी। जिसके बाद चोरों ने पुलिसकर्मी को काफी छकाया। वह खेतों के रास्ते फरार हो गए। वे खेतों में चोरी का कुछ समान छोड़कर भाग गए। पुलिस ने वह बाइक भी बरामद की जिसे चुराकर चोर एक किमी दूर खड़ी कर गए थे। रहवासियों ने बताया कि पुलिस को आरोपियों की एक बाइक भी सुपुर्द की है। जो आरोपी करीब एक किलोमीटर दूर खड़ी कर भाग गए थे। शैलेन्द्र जब इस बाइक नंबर के आधार पर कनाडिय़ा में बाइक के मालिक के घर पहुंचे तो पता चला कि धनतेरस की सुबह ही पार्किंग में से आरोपी उनकी बाइक चुराकर ले गए थे। पुलिस को आरोपियों के कई सीसीटीवी फुटेज मिले हैं। जिसके आधार पर उनकी तलाश की जा रही है।