Highlights

इंदौर

लापता युवक नहीं मिला, रहवासियों ने घेरा थाना

  • 11 Mar 2023

इंदौर। द्वारकापुरी थाना क्षेत्र के प्रजापत नगर से लापता हुआ युवक करीब एक सप्ताह बाद भी नहीं मिला। पुलिस उसके बारे में कुछ भी जानकारी नहीं जुटा पाई। इसी बात से नाराज होकर रहवासियों ने शुक्रवार को थाने का घेराव कर दिया।
जानकारी के अनुसार प्रजापत नगर निवासी 18 वर्षीय प्रेम उर्फ विशाल 2 मार्च से लापता है। 3 मार्च को उसकी थाने में गुमशुदगी भी दर्ज करवा दी थी। प्रेम की मां कंचन का आरोप है कि पुलिस गंभीर नहीं है। थाने आए, लेकिन टीआइ अलका मेनिया मिलती तक नहीं। प्रधान आरक्षक से पूछो तो कहता है कि तुम्हीं ढूंढ लो। प्रेम मार्केटिंग संबंधित काम करता है। वह मॉल जाने का बोलकर घर से निकला था। कंचन ने आरोप लगाया कि उसके दोस्तों के नाम भी बताए, लेकिन पुलिस ने किसी से पूछताछ ही नहीं की।
शुक्रवार को करीब 200 रहवासी थाने पहुंचे और बाहर बैठ गए। काफी देर तक हनुमान चालीसा का पाठ करते रहे। अन्नपूर्णा एसीपी बीपीएस परिहार की समझाइश के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ। एसीपी के मुताबिक, विशाल का फोन बंद आ रहा है। वह स्वयं मॉल जाने का बोलकर गया था। पुलिस ने संभावित ठिकानों पर छानबीन भी की, लेकिन जानकारी नहीं मिली। उसकी तलाश की जा रही है।