Highlights

इंदौर

शुरू हुआ विकास यात्राओं का दौर

  • 06 Feb 2023

 विधायक  हार्डिया ने महिला सफाईकर्मियों का सम्मान कर उनके पैर पूजे
इंदौर। आज से भाजपा की विकास यात्राओं का सिलसिला शुरू हो गया। इसमें विधानसभावार विकास यात्राएं निकाली जा रही हैं। ये विकास यात्राएं अलग-अलग वार्डों में घूमेंगी। शहर में विधायकों के नेतृत्व में विकास यात्रा शुरू हुई। इसमें विधानसभा 5 के विधायक महेंद्र हार्डिया ने महिला सफाईकर्मियों का सम्मान कर उनके पैर पूजे। ग्रामीण क्षेत्रों में धूमधाम के साथ कलश यात्राएं निकाली गई।
विधायक हार्डिया ने संत रविदास महाराज की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर विकास यात्रा का शुभारंभ किया। विधानसभा 3 में विधायक आकाश विजयवर्गीय ने वार्ड 64 में दिव्यागों को ट्राइसिकल वितरित की। इसी तरह महू विधानसभा में पर्यटन व संस्कृति मंत्री उषा ठाकुर ने रविदास महाराज की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर यात्रा की शुरूआत की। उन्होंने ग्राम भिचौली में विकास कार्यों का शुभारंभ भी किया। इसी तरह डॉ. आम्बेडकर नगर में दिव्यांगों को व्हील चेयर दी गई। देपालपुर में ग्राम बनेडिया में महिलाओं ने विकास यात्रा के दौरान कलश यात्रा निकाली। सांवेर विधानसभा में ग्राम बड़ोदिया खान में स्वच्छता की शपथ लेकर मशाल जलाई।
देपालपुर में उत्साह के साथ निकली कलश यात्रा
यात्रा जिन मार्गों से गुजरेगी उन क्षेत्रों के लिए विकास कार्यों की सौंगात भी मिलेगी। निर्धारित गांवों में आयोजित कार्यक्रमों में क्षेत्र के लिए विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास भी किया जाएगा। गांवों में हितग्राही संवाद कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा। इसमें जहां एक और स्वरोजगार मूलक योजनाओं के तहत चयनित लाभार्थियों को हितलाभ का वितरण होगा।
स्वास्थ्य और पशु चिकित्सा शिविरों का भी होगा आयोजन
यात्रा के दौरान गांवों में स्वास्थ्य और पशु चिकित्सा शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण होगा। दवाइयों का वितरण किया जाएगा। साथ ही आयुष्मान कार्ड के लाभ के बारे में भी बताया जाएगा। इसके अलावा आयुष्मान कार्ड भी वितरित किए जाएंगे। नागरिकों की तात्कालिक आवश्यकता की पूर्ति के लिए रेडक्रॉस के माध्यम से सभी 9 विधानसभा क्षेत्रों के लिए 18 लाख रुपए दिए गए हैं। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के लिए दो 2 लाख रु. की यह राशि रहेगी। जिले में नवाचार के तहत हर गांवों में राशन की दुकानों पर यात्रा के दौरान अन्न उत्सव मनाया जाएगा। इस उत्सव के अंतर्गत उपभोक्ताओं को राशन का वितरण किया जाएगा।