Highlights

इंदौर

शहर से लेकर गांव तक जिले में भाजपा का परचम लहराया

  • 30 Jul 2022

भाजपा प्रत्याशी रीना मालवीय को 12 तथा कांग्रेस प्रत्याशी ममता को 5 वोट मिले, जिला पंचायत, जनपद पंचायत तथा निगम चुनाव तीनों भाजपा की झोली में गए  
इंदौर। शहर से लेकर गांव तक इंदौर जिले में भाजपा ने कब्जा कर लिया है। जहा पिछले दो दिनों में पहली बार चारों जनपद पंचायतों में भाजपा का परचम लहराया वही शुक्रवार को जिला पंचायत अध्यक्ष का पद भी भाजपा की झोली में ही गया है। इंदौर में भाजपा की प्रत्याशी रीना मालवीय इंदौर जिला पंचायत परिषद के अध्यक्ष पद का चुनाव जीत लिया है। भाजपा प्रत्याशी रीना को कुल 17 में से 12 वोट मिले। उन्होंने कांग्रेस की ममता चौबीसिया को पराजित किया। निर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष रीना मालवीय को कलेक्टर मनीषसिंह ने प्रमाण पत्र सौंपा।
स्वच्छता के साथ विकास कार्यों का फायदा मिला भाजपा को शहर से लेकर गांव तक इंदौर जिले में भाजपा ने कब्जा कर लिया है, जहा पिछले दो दिनों में पहली बार चारों जनपद पंचायतों में भाजपा का परचम लहराया वही आज जिला पंचायत अध्यक्ष का पद भी भाजपा की झोली में ही गया , जो कि पहले से तय भी था   17 जुलाई को इंदौर नगर निगम चुनाव के परिणाम भी भाजपा के पक्ष में ही गए थे,  जब इंदौर की जनता ने महापौर के साथ 64 पार्षदों को विजय दिलवाई।   प्रदेश के किसी अन्य जिले में भाजपा को इतनी जोरदार और एक तरफा सफलता नहीं मिली .. जितनी मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के सपनों के शहर और जिले में मिली है . निसंदेह इंदौरी स्वच्छता मॉडल के साथ विकास कार्यों का फायदा भाजपा को मिला , लिहाजा भाजपाई सगर्व कह सकते है कि उनकी पार्टी को जिताने में भी इंदौरी नंबर वन है।  
 उम्मीदवारी पहले से तय थी
इनमें रीना सतीश मालवीय के अलावा श्यामूबाई भगवार परमार शामिल थीं। इसमें से रीना मालवीय की उम्मीदवारी शुरू से ही तय मानी जा रही थी। उधर कांग्रेस की तरफ से ममता आशीष चौबिसिया की उम्मीदवारी पहले ही तय की गई थी।
 कलेक्टर ने दिया जीत का प्रमाणपत्र
इंदौर जिला पंचायत कार्यालय में आज जिला पंचायत के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के निर्वाचन शांतिपूर्ण रुप से संपन्न हुये। जिला पंचायत के अध्यक्ष पद के लिए श्रीमती रीना बाई पति सतीश मालवीय को तथा भारत सिंह पटेल पुत्र  सूरतसिंह पटेल जिला पंचायत के उपाध्यक्ष पद के लिए निर्वाचित होने पर निर्वाचित प्रतिनिधियों को कलेक्टर  मनीष सिंह ने निर्वाचन प्रमाण-पत्र प्रदान किये। इस अवसर पर अपर कलेक्टर राजेश राठौर तथा जिला पंचायत की अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती मधुलिका शुक्ला भी उपस्थित थी।
 शुरु से ही भाजपा का पलड़ा भारी रहा
इस चुनाव में भी भाजपा का पलड़ा भारी दिखाई दे रहा है। जिला पंचायत की कुल 17 सदस्य सीटों में से 12 भाजपा के पक्ष में हैं, जबकि कांग्रेस के पास केवल पांच सीट हैं। ऐसे में यहां भी भाजपा का पलड़ा भारी है। अध्यक्ष पद अनुसूचित जाति महिला वर्ग के लिए आरक्षित है। इस कारण भाजपा में अध्यक्ष पद के दो दावेदार थे।