इंदौर। आने वाले दिनों में शहर में कई बड़े सांस्कृतिक आयोजन होंगे, जिनमें रंगमंच से जुड़े नामी कलाकारों की प्रस्तुति होगी। देश के विभिन्न प्रांतों की लोक संस्कृति की झलक भी दिखेगी। देवगढ़ और रत्नागिरि के हापुस आम का जायका होगा, तो संगीतमयी प्रस्तुतियां भी होंगी।
मराठी सोशल ग्रुप द्वारा ढक्कन वाला कुआं स्थित ग्रामीण हाट बाजार में 13 मई से मैंगो जत्रा आयोजित किया जाएगा। इसमें देवगढ़ और रत्नागिरि के हापुस आम तो होंगे ही, मराठी व्यंजन, इंदौरी चाट चौपाटी और गृह उपयोगी उत्पाद भी शामिल होंगे। तीन दिवसीय जत्रा सुबह 9 से रात 9 बजे तक लगेगा।
38 कृष्ण व्हिला का मंचन 14 से
सानंद न्यास के पांच दर्शक समूह के लिए नाटक 38 कृष्ण व्हिला का मंचन 14 व 15 मई को देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के खंडवा रोड स्थित सभागृह में होगा। मराठी रंगमंच के अभिनेता डा. गिरीश ओक द्वारा अभिनीत इस नाटक के निर्देशक विजय केंकरे और लेखक डा. श्वेता पेंडसे हैं। मल्हार प्लस रायल थिएटर द्वारा मंचित यह नाटक 14 मई शाम 4 बजे रामू भैया दाते समूह व 7.30 बजे राहुल बारपुते समूह के लिए मंचित होगा। 15 मई सुबह 10 बजे मामा मुजुमदार समूह, शाम 4 बजे वसंत समूह और शाम 7.30 बजे बहार समूह के दर्शकों के लिए मंचित होगा।
दो दिनी साहित्य समागम
शहर में दो दिनी अंतरराष्ट्रीय महिला साहित्य समागम 14 मई से अभय प्रशाल में शुरू होगा। इसमें देश-विदेश की महिला साहित्यकार भाग लेेंगी। आयोजन में साहित्य पर वैचारिक मंथन भी होगा और रचना पाठ भी होंगे। इसके अलावा साहित्यकारों का सम्मान भी होगा।
साजों के नाम होगी शाम
संस्था उत्कर्ष व म्यूजिकल अफेयर द्वारा 15 मई को शाम 7.15 बजे अभिनव कला समाज सभागृह में संगीतमयी कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। यह आयोजन साजों पर केंद्रीत होगा। इसमें हारमोनियम, बुलबुल तरंग, बांसुरी, मेलोडिका, वायलिन, सितार, सैक्सोफोन, माउथ आर्गन आदि साजों को लिए शंकर जयकिशन के गीतों की धुनें प्रस्तुत की जाएगी।
मालवा उत्सव से बिखरेंगे संस्कृति के रंग
लोक संस्कृति मंच द्वारा आयोजित किया जाने वाला सालाना जलसा मालवा उत्सव 25 मई से आरंभ होगा। सात दिवसीय मालवा उत्सव लालबाग पैलेस परिसर में होगा। इसमें देश के विभिन्ना प्रांतों के लोक कलाकार प्रस्तुति भी देंगे और हस्तशिल्क व हाथकरघा उत्पाद भी प्रदर्शित करेंगे। आयोजन में राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, तमिलनाडु, तेलंगाना, महाराष्ट्र आदि प्रांतों की संस्कृति की झलक नजर आएगी और कार्यशाला भी आयोजित होगी।
इंदौर
संगीत, संस्कृति और स्वाद के आयोजनों से सराबोर होंगे आने वाले दिन
- 10 May 2022