सोमवार, पुत्रदा एकादशी और रवि योग के संयोग में शुरू हुआ शिव और भगवान विष्णु का पूजन
इंदौर। शिव आराधना के अंतिम श्रावण सोमवार पर इंदौर में भोले की भक्ति का उल्लास छाया हुआ है। इस अवसर पर बन रहे पुत्रदा एकादशी के साथ रवि योग के संयोग में भूतेश्वर, गुटकेश्वर, मंशापूर्ण महादेव, नीलकंठेश्वर महादेव मंदिर सहित छह से अधिक स्थानों से महादेव की सवारी निकाली जाएगी। इसमें सैकड़ों की संख्या में शिव भक्त शामिल होंगे। गोपेश्वर महादेव मंदिर में गोपेश्वर महादेव का अर्धनारीश्वर स्वरूप में दर्शन होंगे, जबकि शिवधाम परदेशीपुरा में सवा लाख रुद्राक्ष का वितरण होगा। इंदौर के मंदिरों में अभिषेक-पूजन के लिए सुबह से भक्तों की भीड़ लगना शुरू हो गई।
ज्योतिर्विद कान्हा जोशी के अनुसार सोमवार को श्रावण मास की शुक्ल पक्ष की एकादशी व्रत रखकर पुत्र की कामना से भगवान विष्णु का पूजन किया जाएगा। इस दिन रवि योग सुबह 5 बजकर 46 मिनट से दोपहर 2 बजकर 37 मिनट तक रहेगा। श्रावण के अंतिम सोमवार और एकादशी व्रत साथ होने से शिव और भगवान विष्णु के पूजन का संयोग बन रहा है। इससे पहले तीसरे सोमवार विनायक चतुर्थी आने से पिता महादेव और पुत्र भगवान गणेश का पूजन एक दिन हुआ था।
संतों के सान्निध्य में निकलेंगे गुटकेश्वर महादेव
संत समाज के सान्निध्य में किला मैदान से गुटकेश्वर महादेव की शाही सवारी शाम 5 बजे निकाली जाएगी। गुटकेश्वर धाम सद्गुरु परिवार न्यास एवं शाही सवारी संयोजक पंडि़त धीरज शुक्ला, चंद्रप्रकाश दुबे, अरुण शर्मा व मनोज तिवारी ने बताया कि सड़क निर्माण के चलते गुटकेश्वर महादेव की शाही सवारी इस वर्ष परिवर्तित मार्ग से निकलेगी। सवारी महेश गार्डन लाइन स्थित गुटकेश्वर महादेव मंदिर से प्रारंभ होकर खड़े गणपति, वृंदावन चौराहा, कुम्हार खाड़ी नाग मंदिर, मरीमाता चौराहा होते हुए पुन: गुटकेश्वर महादेव मंदिर पहुंचेगी, जहां आरती के बाद सवारी का समापन होगा।
भूतेश्वर महादेव की शाही सवारी और नीलकंठेश्वर की पालकी यात्रा
कोरोना के दो साल के विराम के बाद भूतेश्वर महादेव मंदिर पंचकुइया से भूतेश्वर महादेव की शाही सवारी दोपहर 3 बजे निकाली जाएगी। सवारी में बड़ी संख्या में शिव भक्त शामिल होंगे। यात्रा अंतिम चौराहा, बड़ा गणपति से राजवाड़ा होकर वापस आएगी। मंदिर के पुजारी हरीशानंद के अनुसार यह श्रावण में निकलने वाली सबसे पुरानी सवारी में शामिल है। 70 साल से यात्रा निकाली जा रही है।
मंशापूर्ण महादेव की शाही सवारी में लहराएंगे तिरंगा
धार रोड स्थित धरावरा धाम पर मंशापूर्ण महादेव की सवारी दोपहर 2 बजे से आश्रम के महंत शुकदेव दास महाराज के सान्निध्य में प्रारंभ होगी। सवारी के साथ बैंडबाजे, अखाड़े, भजन, गरबा मंडलियां तथा सैकड़ों श्रद्धालु भी शामिल होंगे। आयोजन समिति के दिनेश गर्ग, मुकेश ब्रजवासी एवं अजय लाहोटी ने बताया कि इस दौरान राष्ट्रधर्म को सर्वोपरि मानते हुए तिरंगा अभियान के प्रचार-प्रसार के लिए अनेक श्रद्धालु राष्ट्र ध्वज लेकर चलेंगे।
यहां से भी निकलेगी यात्राएं -
विश्व श्रीराम सेना संस्था द्वारा रामेश्वर कावड़ यात्रा बाबा रामेश्वरधाम मंदिर भारत तौल कांटे शिवकंठ नगर से निकाली जाएगी।
नीलकंठेश्वर महादेव मंदिर नेहरू नगर से भी नीलकंठेश्वर महादेव की पालकी यात्रा शाम 4.30 बजे निकाली जाएगी।
इंदौर
सावन के आखिरी सोमवार पर इंदौर के मंदिरों में उमड़ी भक्तों की भीड़
- 08 Aug 2022