नई दिल्ली. देश के कई राज्यों में इस हफ्ते भी मॉनसून की भारी बारिश जारी रह सकती है. मौसम विभाग ने पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र से लेकर मध्य और दक्षिण भारत तक कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अगस्त की बारिश ने पुराने रिकॉर्ड को चुनौती दी है, जबकि हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, ओडिशा, जम्मू-कश्मीर, असम, केरल, हरियाणा, राजस्थान और नागालैंड में बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है.
आईएमडी के मुताबिक अगले 7 दिनों में दिल्ली-एनसीआर के अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा. मिनिमम टेम्परेचर 29 डिग्री और अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है. इस दौरान आसमान में बादल छाए रहेंगे और अलग-अलग दिनों में बहुत हल्की से हल्की स्तर की बारिश देखने को मिल सकती है. इस दौरान लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ेगा. मौसम विभाग के मुताबिक 15 अगस्त तक ऐसा ही मौसम बना रहेगा.
दिल्ली में 4 से 8 अगस्त तक लगातार चार दिन बारिश हुई. 8 अगस्त की सुबह 8.30 बजे तक देश की राजधानी में 98.7 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो 2024 के बाद अगस्त में एक दिन में सबसे ज्यादा है. इस साल अगस्त के पहले सात दिनों में दिल्ली में 127 मिमी बारिश हो चुकी है और महज 8 दिनों में महीने की औसत बारिश का आंकड़ा लगभग पूरा हो गया है. 2024 में अगस्त के पहले दिन 107.6 मिमी बारिश दर्ज हुई थी.
साभार आज तक
देश / विदेश
अगले 7 दिन झमाझम बारिश के आसार: मौसम विभाग ने दर्जनों राज्यों के लिए जारी की चेतावनी, दिल्ली में उमस से राहत नहीं
- 10 Aug 2026



