नासिक। महाराष्ट्र के नासिक जिले से एक बेहद दर्दनाक और बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। नासिक-पेठ मार्ग पर दो ट्रकों और एक मारुति ईको कार के बीच हुई भीषण टक्कर में चार लोगों की मौके पर और इलाज के दौरान मौत हो गई। इस हादसे में कार में सवार एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है जिसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
पुलिस के मुताबिक यह भीषण हादसा नासिक-पेठ मार्ग पर पेठ-दिंडोरी सीमा के पास सावला घाट पर हुआ। इस हादसे में दो ट्रक और गुजरात के पंजीकरण वाली एक मारुति ईको कार की टक्कर हो गई। पुलिस ने बताया कि यह कार नासिक-पेठ मार्ग पर सप्तश्रृंगी गढ़ से सिलवासा की ओर जा रही थी। इसी दौरान शाम करीब साढ़े चार बजे पीछे से आ रहे एक ट्रक ने कार को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार में सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल ले जाने के बाद एक घायल की मौत हो गई, वहीं कार में सवार एक अन्य व्यक्ति की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है और उसका इलाज किया जा रहा है। मृतकों की अभी पहचान नहीं हो पाई है।
साभार पंजाब केसरी
देश / विदेश
नासिक-पेठ मार्ग पर दर्दनाक हादसा; ट्रकों के बीच पिसी कार, 4 लोगों ने गंवाई जान
- 15 Jul 2026



