Highlights

देश / विदेश

अपने ही घर लौटने की चुकानी होगी कीमत? नैनीताल में एंट्री टैक्स लागू होने पर फूटा गुस्सा

  • 17 Jul 2026

नैनीताल. उत्तराखंड की पर्यटन राजधानी नैनीताल घूमने की योजना बना रहे हैं तो यह खबर आपके लिए है. अब सिर्फ होटल, पार्किंग और ग्रीन टैक्स ही नहीं, बल्कि शहर में प्रवेश करने के लिए भी जेब ढीली करनी पड़ सकती है. नई व्यवस्था के तहत बाहरी जिलों और राज्यों से आने वाली बाइक और स्कूटी पर 100 रुपये एंट्री टैक्स लागू कर दिया गया है.  फैसला लागू होते ही सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. किसी ने लिखा, जेब कटे बिना नैनीताल में एंट्री नहीं मिलेगी. तो किसी ने तंज कसते हुए पूछा, क्या कल नैनीताल में चलने और सांस लेने पर भी टैक्स लग जाएगा? 
नई व्यवस्था रात 12 बजे से लागू कर दी गई. इसके तहत तल्लीताल लेक ब्रिज, बारापत्थर और फांसी गधेरा चुंगी नाकों पर नगर प्रवेश शुल्क की वसूली शुरू हो गई. नगर पालिका नैनीताल ने चुंगी वसूली का ठेका 24.55 करोड़ रुपये में दिया है. यह ठेका मार्च 2028 तक प्रभावी रहेगा.
यानी यदि कोई नैनीताल निवासी पढ़ाई या नौकरी के कारण किसी दूसरे शहर में रहता है और वहां के नंबर का वाहन लेकर अपने घर आता है तो उसे भी एंट्री शुल्क देना पड़ सकता है. यही बात लोगों की नाराजगी की सबसे बड़ी वजह बन रही है. स्थानीय लोगों का कहना है कि नैनीताल के हजारों छात्र और नौकरीपेशा लोग देहरादून, हल्द्वानी, दिल्ली, नोएडा, चंडीगढ़ और दूसरे शहरों में रहते हैं. उन्होंने वहीं अपने वाहन खरीदे हैं. अब जब वे छुट्टियों में अपने घर आएंगे तो उन्हें हर बार एंट्री टैक्स देना होगा. लोग सवाल उठा रहे हैं कि क्या अपने ही शहर लौटने की भी कीमत चुकानी पड़ेगी?
साभार लाइव हिन्दुस्तान