नई दिल्ली। कांग्रेस की असम इकाई के अध्यक्ष गौरव गोगोई ने बुधवार को आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा और उनके परिवार ने पूरे राज्य में लगभग 12,000 बीघा (3,960 एकड़ से अधिक) जमीन पर कब्जा किया हुआ है। इन आरोपों को लेकर सीएम सरमा ने कहा है कि वह कांग्रेस के बड़े नेताओं के खिलाफ मानहानि का मुकदमा करेंगे। वहीं, भारतीय जनता पार्टी ने रॉबर्ट वाड्रा का जिक्र किया और मुख्यमंत्री पर लगे आरोपों को खंडन किया है।
गोगोई ने यहां प्रेसवार्ता में यह भी दावा किया कि सरमा ने इसी भूमि घोटाले को 'छिपाने' के लिए उनके (गोगोई के) कथित पाकिस्तानी संबंधों का मुद्दा उठाया था। उन्होंने कहा, 'कांग्रेस ने जांच की है और इससे कुछ चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। मुख्यमंत्री और उनके परिवार ने पूरे असम में लगभग 12,000 बीघा जमीन पर कब्जा किया हुआ है। यह आंकड़ा अंतिम नहीं है, क्योंकि जांच अभी जारी है और आने वाले दिनों में यह बढ़ सकता है।'
सरमा ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, 'मैं आज संवाददाता सम्मेलन में मेरे बारे में दिए गए झूठे, मनगढ़ंत और मानहानिकारक बयानों के लिए नौ फरवरी को जितेंद्र सिंह, भूपेश बघेल, गौरव गोगोई और देबब्रत सैकिया के खिलाफ दीवानी और फौजदारी मानहानि कार्यवाही शुरू करुंगा।'
इन आरोपों का जवाब देते हुए सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रवक्ता रंजीब कुमार सरमा ने 'पीटीआई-भाषा' से कहा कि गोगोई के दावों में कोई सच्चाई नहीं है। उन्होंने कहा, 'उनके इस बयान में क्या सच्चाई है? क्या इतनी बड़ी जमीन रखना संभव है, जबकि भारतीय कानूनों के अनुसार कोई भी व्यक्ति 50 बीघा से अधिक जमीन नहीं रख सकता? यह जमीन सीमा अधिनियम के कारण संभव नहीं है। इसका मतलब है कि गौरव गोगोई को कानूनों की जानकारी नहीं है।'
उन्होंने कहा, 'अगर गौरव गोगोई के पास कोई जानकारी है, तो उन्हें अदालत जाना चाहिए, जैसा कि लोग रॉबर्ट वाड्रा के खिलाफ अदालत गए थे। बोफोर्स से लेकर वाड्रा मामलों तक, कई मुद्दों पर लोगों ने अदालतों का दरवाजा खटखटाया है। अगर आपके पास दस्तावेज हैं, तो उन्हें उजागर करने के लिए अदालत से संपर्क करें।'
साभार लाइव हिन्दुस्तान
देश / विदेश
असम में 'जमीन' का सियासी संग्राम: गोगोई का 12 हजार बीघा जमीन कब्जाने का आरोप, भड़के सीएम सरमा करेंगे मानहानि का केस
- 05 Feb 2026



