Highlights

इंदौर

इंदौर में ईवी चार्जिंग बनी 'काल': कार में शॉर्ट सर्किट से घर में लगी आग, एक ही परिवार के 8 लोगों की मौत

  • 18 Mar 2026

इंदौर। इंदौर में ईवी चार्जिंग से आग लगने के कारण अब तक 8 लोगों की मौत होने की खबर सामने आ चुकी है। जानकारी के मुताबिक, परिवार रात में ईवी कार को चार्जिंग से लगाकर सो गया था, लेकिन रात में हुए शॉर्ट सर्किट के चलते कार में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने घर को काबू में कर लिया। घटना ने सबको इलेक्ट्रिकल व्हीकल के उपयोग पर सोचने के लिए मजबूर कर दिया है। घटना पर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने चिंता प्रकट करते हुए कहा- “ये हम सबके लिए सोचने वाली बात है, क्योंकि पूरा समाज-पूरी दुनिया ईवी की तरफ जा रही है।”
पुलिस के अनुसार, पुगलिया परिवार के घर के बाहर देर रात एक इलेक्ट्रिक कार चार्जिंग पर लगी थी। सुबह करीब 4 बजे चार्जिंग पॉइंट में शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे कार में आग लग गई। कार में लगी आग तेजी से घर तक फैल गई। इसने अंदर रखे गैस सिलेंडरों को अपनी चपेट में ले लिया। कुछ देर बाद एक के बाद एक सिलेंडर फटने लगे, जिससे पूरा इलाका दहल गया। धमाका इतना तेज था कि मकान का एक हिस्सा ढह गया। अंदर सो रहे लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला।
इस भीषण अग्निकांड में मकान मालिक मनोज जैन पुंगलिया (60 वर्ष) सहित कुल 8 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में सिमरन (30 वर्ष), विजय सेठिया, सुमन सेठिया, राशि (15 वर्ष), छोटू सेठिया और मासूम तनय शामिल हैं। वहीं सौरभ (32 वर्ष), सुनीता (58 वर्ष) और सोमिल को रेस्क्यू कर बाहर निकाला गया, हालांकि तनय पहले लापता बताया गया था, बाद में उसका शव बरामद हुआ।
मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने मीडिया से बातचीत में आगे कहा- ये ईवी का युग है। ईवी के चार्जिंग में आग लगी है। मतलब ये हम सबके लिए सोचने वाली बात है, क्योंकि पूरा समाज-पूरी दुनिया ईवी की तरफ जा रही है। हमने पुलिस कमिश्नर से कहा है- एक एक्सपर्ट की कमेटी बनाओ, आग कैसे लगी? पूरी जानकारी लेकर एसओपी बनाओ। क्योंकि हर घर के अंदर आज लोग सोचते हैं कि नई गाड़ी खरीदनी है तो ईवी खरीदिए।
आज विश्व के अंदर तेल को लेकर जो चल रहा है, उसमें तेल के क्या भाव होंगे किसी को कुछ पता नहीं है। ऐसे में सब लोग ईवी के बारे में ही सोच रहे हैं। मैं भी ईवी के बारे में ही सोच रहा हूं कि अगली गाड़ी कोई खरीदना है तो ईवी ही खरीदना है। लेकिन, अगर ईवी की चार्जिंग से कोई आग लगी है, तो ये सोचना है कि कहां और क्यों आग लगी है। ये बहुत अलार्मिंग है। पूरे ईवी वाले कहते हैं, सब सेफ है.. सब सेफ है... लेकिन आग का कारण ईवी है। जांच होनी चाहिए।
साभार लाइव हिन्दुस्तान