Highlights

देश / विदेश

ईरान पर ट्रंप का बड़ा बयान: 'परमाणु हथियार बनने नहीं देंगे, लेकिन वार्ता के लिए तैयार'

  • 06 Aug 2026

लास वेगास/तेहरान। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका ईरान में वही कर रहा है जो उसने वेनेजुएला में किया था। उन्होंने कहा कि अमेरिका तेहरान के साथ समझौता करना चाहता है, लेकिन किसी भी कीमत पर ईरान को परमाणु हथियार विकसित करने की अनुमति नहीं देगा। वहीं ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने दावा किया कि विरोधी ताकतों ने इस्लामिक गणराज्य को अस्थिर करने और तख्तापलट की कोशिश की, लेकिन देश का नेतृत्व और जनता एकजुट रही।
लास वेगास में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ट्रंप ने कहा कि अमेरिका ईरान में वही कर रहा है जो उसने वेनेजुएला में किया था। उन्होंने दावा किया कि हालिया सैन्य कार्रवाई के जरिए अमेरिका ने ईरान को कमजोर किया है, लेकिन वह अब भी बातचीत के लिए तैयार है। ट्रंप ने कहा कि वह समझौता करना पसंद करेंगे क्योंकि वह लोगों की जान नहीं लेना चाहते।
ट्रंप ने कहा कि द्वितीय विश्व युद्ध के बाद सबसे बड़े सैन्य हमले की तैयारी की गई थी, लेकिन ईरान की ओर से बातचीत की इच्छा जताए जाने के बाद उसे रोक दिया गया। उन्होंने यह भी कहा कि बाद में ईरान ने इस दावे से इनकार किया, लेकिन दोनों पक्षों के बीच बातचीत जारी है और आगे क्या होगा, यह देखना होगा। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि हालिया घटनाक्रम के बाद ईरान अब अमेरिका का सम्मान करता है। उन्होंने दोहराया कि ईरान को कभी भी परमाणु हथियार हासिल नहीं करने दिए जाएंगे और इसी उद्देश्य से अमेरिका अपनी नीति पर कायम है।
ट्रंप ने वेनेजुएला के गैंग ट्रेन डे अरागुआ के खिलाफ कार्रवाई का उल्लेख करते हुए अमेरिकी आव्रजन एजेंसी ICE की सराहना की। उन्होंने कहा कि अमेरिका वेनेजुएला से बड़ी मात्रा में तेल प्राप्त कर रहा है और दोनों देशों के संबंध बेहतर हैं। ट्रंप ने वेनेजुएला को दुनिया के सबसे समृद्ध तेल उत्पादक देशों में से एक बताया और कहा कि अमेरिका को कराकास के साथ जुड़ाव का लाभ मिला है।
साभार अमर उजाला