रांची। रांची में नई विधानसभा घेराव के दौरान सोमवार को छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में भारतीय जनता पार्टी ने आज झारखंड बंद का आह्वान किया है। इसका सबसे ज्यादा असर रांची में दिखाई दे रहा है। प्रदर्शनकारी सड़कों पर बैठकर और टायर जलाकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं। इससे ट्रैफिक पर भी असर पड़ रहा है। बंद को देखते हुए कई जिलों में निजी स्कूल भी बंद कर दिए गए हैं। प्रशासन भी सतर्क है और सुरक्षा कड़ी कर दी है। पुलिस ने साफ तौर पर कहा है कि बंद के दौरान गड़बड़ी, हिंसा और विधि व्यवस्था भंग करने वालों की खैर नहीं होगी। ऐसे लोगों से सख्ती से निपटा जाएगा। बंद के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय घटना से निपटने के लिए जिलेभर में करीब दो हजार पुलिस बल की तैनाती की गई है। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल को तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारियों को स्थिति पर लगातार नजर रखने और किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटने का निर्देश दिया गया है।
गढ़वा में भाजपा की ओर से आहूत झारखंड बंद का आंशिक असर दिखाई दे रहा है। बसों का परिचालन बाधित करने की कोशिश की जा रही है। हालांकि बाजार की स्थिति अबतक सामान्य हैं और दुकानें खुली हैं।
बंद समर्थकों ने रांची के किशनगंज चौक पर टायर जलाए और यातायात को बाधित किया। इसके अलावा रांची के कांके रोड में सीएमपीडीआई गेट के पास भी सड़क जाम कर टायर जलाया गया है।
रांची की सड़कों पर मंगलवार सुबह से ही बंद का असर दिखने लगा है। बंद समर्थकों ने हरमू चौक और भारत माता चौक के पास टायर जलाकर बंद का समर्थन किया और दुकानें बंद कराई। किशोरगंज चौक पर लकड़ी जलाकर भी उन्होंने दुकान बंद कराई। इस दौरान कुछ स्कूली बसों को जाने दिया गया। हालांकि लोगों को भी किस तरह की कोई परेशानी अभी तक नहीं हुई।
बंद के बीच रांची में बीजेपी कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए और सीएम हेमंत सोरेन के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान उन्होंने हरमू चौक पर सड़क पर बैठकर विरोध प्रदर्शन किया।
साभार साभार लाइव हिन्दुस्तान,
देश / विदेश
छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में BJP का झारखंड बंद: रांची में सड़कों पर प्रदर्शन, टायर जलाकर नारेबाजी
- 11 Aug 2026



