Highlights

देश / विदेश

तिरंगा रैली से लौट रहे बच्चों की मेटाडोर पलटी: जम्मू में 30 घायल, दो की हालत गंभीर

  • 10 Aug 2026

जम्मू। शहर में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के सामने फ्लाईओवर पर रविवार रात करीब सवा नौ बजे बच्चों से भरी मेटाडोर पलट गई। मेटाडोर में ‘प्रोजेक्ट वीरांगना’ के तहत तीन महीने का प्रशिक्षण पूरा करने वाले 30 बच्चे सवार थे। ये मुबारक मंडी से वापस जेडीए हॉस्टल लौट रहे थे। इसी दौरान हादसा हो गया जिसमें सभी बच्चों को चोटें आई हैं। घायलों को उपचार के लिए जीएमसी जम्मू पहुंचाया गया। दो बच्चों की हालत नाजुक है।
शक्ति उद्घोष फाउंडेशन ने सेवा भारती और एनएचपीसी के सहयोग से ‘प्रोजेक्ट वीरांगना’ के तहत कार्यक्रम करवाया। स्वतंत्रता दिवस से पहले रविवार को प्रशिक्षण पूरा होने पर बाहु फोर्ट से मुबारक मंडी तक तिरंगा रैली निकाली गई। इसमें बड़ी संख्या में प्रशिक्षु शामिल हुए।
रैली के बाद बच्चों को मेटाडोर से जेडीए हॉस्टल वापस ले जाया जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मेटाडोर की रफ्तार तेज थी। हालांकि हादसे का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं है। चोटिल बच्चों को गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया जहां दो की हालत नाजुक बताई गई। शेष को प्राथमिक उपचार के बाद छोड़ दिया गया। उनके परिजन को भी सूचना दे दी गई।
साभार अमर उजाला