भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को बुरहानपुर के नेपानगर में आयोजित "जनजातीय सम्मेलन" में सहभागिता कर 363 करोड़ से अधिक की लागत के 127 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि नेपानगर की प्राकृतिक संपदा, कृषि, जल और मानव संसाधन इसे खास बनाते हैं। जिले की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत ने इसे और महत्वपूर्ण बनाया है। उन्होंने बताया कि नेपानगर ने हमेशा भाजपा को जीत दिलाई है और जिले का विकास लगातार बढ़ रहा है। कृषि से लेकर उद्योग तक यहां की अलग पहचान है और युवाओं को राज्य में ही रोजगार मिलेगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस दौरान कई सौगातें देते हुए कहा कि नेपानगर के कॉलेज में एग्रीकल्चर विषय पढ़ाया जाएगा। डॉ. केशवराव बलिराम हेडगेवार उत्थान बनाया जाएगा। धूलकोट प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनाया जाएगा, लोखंडिया से हसीनाबाद मार्क का चौड़ीकरण किया जाएगा, ग्राम दस घाट केर पानी मार्ग ताप्ती नदी पर उच्च स्तरीय पुल बनेगा, असीरगढ़ के किले को पर्यटन के केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। वन अधिकार के पट्टों को रजिस्ट्री में बदला जाएगा। इसमें लगने वाली 5 हजार करोड़ की राशि सरकार माफ करेगी। वनाधिकार के पट्टों का सर्वे होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि गांव की प्राथमिकता तय करने में ग्राम पंचायत और ग्राम सभा को मुख्य भूमिका मिलेगी। जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मिलकर काम करेंगे तो विकास की गति तेज होगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं का सही क्रियान्वयन हो और लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाए।
डॉ. यादव ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है, लेकिन, दुर्भाग्य के साथ कहना पड़ता है कि देश तो आगे बढ़ रहा है, लेकिन विपक्ष अमर्यादित व्यवहार कर रहा है। कहां नेता प्रतिपक्ष के रूप में भारत रत्न अटल बिहारी वायपेयी ने दुनिया में भारत का मान बढ़ाया, कहां आज के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी अपनी नादानियों से इस पद का मान लगातार गिराता जा रहा है। पता नहीं, कांग्रेसियों को क्या हो गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेसी अपने खानदान की बात जरूर करते हैं, लेकिन जब देखो तब लोकतंत्र का मजाक बनाते हैं। जब भारत चुनौतियां का सामना कर रहा होता है, तब राहुल गांधी विदेशों में गुलछर्रे उड़ा रहे होते हैं। जब भारत में लोकतंत्र पर अंगुलि उठती है, तब वो लोकसभा से गायब हो जाते हैं। उसके बाद राहुल कहते हैं कि उन्हें बोलने का समय नहीं दिया। राहुल गांधी जब भी मुंह खोलते हैं, भगवान जाने क्या बोलते हैं। अब तो कांग्रेसी भी कहने लगे कि वे उनसे परेशान हैं। कहां जाएगी इनकी पार्टी और ये लोग। भगवान करे कांग्रेस राहुल को अपना नेता बनाए रखे, भाजपा अपने आप आगे बढ़ती जाएगी। उन्होंने कहा कि, मैं आज ये पूछने आया हूं कि कांग्रेस के नेता जवाब दें, जब रूस-यूक्रेन युद्ध हो रहा था, तब वे क्या कह रहे थे।
मुख्यमंत्री ने लाड़ली बहना योजना और किसान सम्मान निधि का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि 34वीं किश्त में 1.25 करोड़ बहनों के खातों में राशि भेजी गई। बच्चों के लिए किताबें, यूनिफॉर्म, साइकिल, स्कूटी और लैपटॉप की व्यवस्था की गई है। सरकार दूध उत्पादन बढ़ाने, पीने के पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने और एयर एंबुलेंस सेवा देने जैसे कार्य कर रही है। आदिवासियों के लिए 47 हजार करोड़ से अधिक का बजट निर्धारित किया गया और भगोरिया को राष्ट्रीय उत्सव बनाया गया।
साभार अमर उजाला
भोपाल
नेपानगर में विकास की बयार: सीएम डॉ. मोहन यादव ने दी 363 करोड़ के कार्यों की सौगात
- 16 Mar 2026



