नई दिल्ली. पाकिस्तान के बाजौर स्थित पाकिस्तानी सेना के एक कैंप पर बड़ा आत्मघाती हमला हुआ है. शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस हमले में कम से कम 15 पाकिस्तानी सैनिकों की मौत हो गई है. इस हमले को बेहद सोची-समझी साजिश बताया जा रहा है.
आतंकियों ने सबसे पहले सेना की सुविधा वाले हिस्से में एक जोरदार धमाका किया. इस धमाके से मची अफरा-तफरी का फायदा उठाकर हथियारों से लैस आतंकवादी कैंप के अंदर घुस गए. इसके बाद वहां काफी देर तक मुठभेड़ भी चली.
आतंकी संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) ने इस आत्मघाती हमले की जिम्मेदारी ली है. संगठन ने एक बयान जारी करते हुए कहा कि ये हमला उनकी 'स्पेशल इस्तशहादी फोर्सेज' (SIF) ने किया है.
अक्टूबर 2025 में क्वेटा में हुए हमले के बाद ये पहली बार है जब टीटीपी ने आधिकारिक तौर पर किसी आत्मघाती बम धमाके की जिम्मेदारी ली है. बता दें कि बाजौर खैबर पख्तूनख्वा प्रांत का हिस्सा है, जो लंबे समय से आतंकवाद से प्रभावित रहा है. इस हमले के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है.
बता दें कि एक हफ्ते में ये खैबर पख्तूनख्वा में दूसरा आत्मघाती हमला है. इससे पहले मंगलवार को भी खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के लक्की मरवत जिले में एक भीषण आत्मघाती हमला हुआ था. सराय नौरंग तहसील के नौरंग बाजार में एक हमलावर ने विस्फोटकों से भरे ऑटोरिक्शा में धमाका कर दिया. इस हमले में दो पुलिसकर्मियों और एक महिला समेत कई लोगों की मौत हो गई थी. धमाका इतना तेज था कि आसपास की दुकानें और गाड़ियां पूरी तरह तबाह हो गई थीं.
साभार आज तक
देश / विदेश
पाकिस्तान के बाजौर में सेना के कैंप पर बड़ा फिदायीन हमला, 15 सैनिकों की मौत
- 15 May 2026



