रतलाम। महू-नीमच हाईवे पर जावरा के आगे ग्राम परवलिया के समीप बुधवार दोपहर श्री चारभुजाजी नाथ की पैदल यात्रा पर जा रहे रतलाम के तीन श्रद्धालुओं को पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में एक श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन सहित फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
जानकारी के अनुसार राजस्थान के राजसमंद जिले में स्थित श्री चारभुजाजी नाथ मंदिर में दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पैदल यात्रा करते हैं। रतलाम निवासी 68 वर्षीय नरेंद्र कुमार शुक्ला (सेवानिवृत्त अनुविभागीय अधिकारी, मध्यप्रदेश बिजली कंपनी) निवासी रामगढ़, भगवती काबरा एवं मनोहर मूंदड़ा निवासी धानमंडी, चारभुजाजी मंदिर के दर्शन हेतु पैदल निकले थे।
बुधवार दोपहर करीब साढ़े तीन से चार बजे के बीच, जब वे रतलाम से लगभग 45 किलोमीटर दूर महू-नीमच हाईवे पर ग्राम परवलिया के पास पहुंचे, तभी पीछे से आए एक तेज गति ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को तत्काल जावरा के शासकीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। उपचार के दौरान नरेंद्र कुमार शुक्ला ने दम तोड़ दिया। उनकी मृत्यु की खबर मिलते ही समाजसेवी गोविंद काकानी, अनिल पुरोहित सहित परिजन और बड़ी संख्या में समाजजन मेडिकल कॉलेज पहुंच गए।
साभार अमर उजाला
रतलाम
भक्ति मार्ग पर पसरा मातम: तेज रफ्तार ट्रक ने तीन श्रद्धालुओं को कुचला, एक की जान गई
- 05 Mar 2026



