Highlights

देश / विदेश

मामूली बात पर दिल दहला देने वाली वारदात: सरेराह पिता-पुत्र का मर्डर करने वाला एक आरोपी भीड़ के हत्थे चढ़ा, दो फरार

  • 25 May 2026

कानपुर। यूपी के कानपुर से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। जहां किदवई नगर में बाईपास के पास बाइकें टकराने को लेकर रविवार रात को हुए मामूली विवाद में पिता-पुत्र की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। बीच सड़क हुए डबल मर्डर से सनसनी फैल गई। बाइक सवार तीन युवकों ने पहले पिता और उसके दो पुत्रों पर ताबड़तोड़ हेलमेट से वार किए। इसी बीच अचानक चाकू से हमला कर दिया। हमले में एक बेटा पीठ पर चाकू लगने से घायल हुआ है। लोगों ने एक आरोपी को पकड़कर जमकर पीटा और पुलिस के हवाले कर दिया। दो आरोपी फरार हैं, पुलिस जिनकी तलाश में दबिश दे रही है।
सनिगवां में सजारी के रहने वाले शिवनारायण त्रिवेदी अपने बेटों शिवम व सत्यम के साथ किदवईनगर स्थित कनक मार्बल में काम करते हैं। रविवार रात शिवनारायण काम खत्म कर दुकान से अपने दोनों बेटों के बाइक से घर के लिए निकले थे। करीब नौ बजे बाईपास के पास वृंदावन लॉन के सामने आग चल रही अपाचे बाइक से उनकी बाइक टकरा गई। सत्यम ने बताया कि इसी बात पर बाइक सवार तीन युवकों ने गाली-गलौज शुरू कर दी।
विरोध पर दोनों ने उन पर हेलमेट से हमला शुरू कर दिया। फिर एक ने कमर से चाकू निकाल पिता शिवनारायण की छाती, भाई शिवम के पेट व उसकी पीठ में घोंप दिया। इससे दोनों लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े। सूचना पर पहुंची पुलिस सभी को हैलट ले गई। यहां पिता शिवनारायण व भाई शिवम को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। डीसीपी दक्षिण दीपेंद्रनाथ चौधरी ने बताया, एक आरोपी शिवा वर्मा को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। वह कानपुर देहात अकबरपुर का रहने वाला है और गिग वर्कर है। वहीं, फरार आरोपी नौबस्ता निवासी करन वर्मा और उत्सव अवस्थी हैं।
साभार लाइव हिन्दुस्तान