नई दिल्ली। होर्मुज जलडमरूमध्य के पास शुक्रवार को ईरान के जल क्षेत्र में मोजाम्बिक के झंडे वाला एलपीजी टैंकर 'दिशा' (IMO No. 8818219) हमले का शिकार हो गया। टैंकर पर 28 भारतीय चालक दल के सदस्य सवार थे। ईरान स्थित भारतीय दूतावास ने पुष्टि की है कि सभी भारतीय सुरक्षित हैं। दूतावास ने बताया कि हमले से पहले जहाज ने संकट संदेश भेजा था और अज्ञात मिसाइलों से हमले की जानकारी दी थी। हाल ही में भारत के समुद्री प्रशासन ने सुरक्षा कारणों से भारतीय नाविकों की इस क्षेत्र में तैनाती से बचने की सलाह भी जारी की थी।
तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने जारी बयान में कहा कि उसे इस घटना की पूरी जानकारी है। दूतावास ने संबंधित ईरानी अधिकारियों से संपर्क कर यह सुनिश्चित किया है कि जहाज पर मौजूद सभी 28 भारतीय चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं। साथ ही दूतावास ने कहा कि वह स्थिति की लगातार निगरानी कर रहा है और संबंधित एजेंसियों के संपर्क में बना हुआ है।
समाचार एजेंसी शिन्हुआ के अनुसार, सार्वजनिक वीएचएफ (VHF) समुद्री रेडियो चैनल की ऑडियो रिकॉर्डिंग में सामने आया कि जहाज ने होर्मुज जलडमरूमध्य के निकट संकट संदेश (डिस्ट्रेस कॉल) भेजा था। रिकॉर्डिंग में एक व्यक्ति, जिसे एक नाविक ने अमेरिकी सैन्य ऑपरेटर बताया, एक व्यापारी जहाज को बार-बार चेतावनी देता सुनाई देता है कि वह ईरानी जलक्षेत्र की ओर बढ़कर नियमों का उल्लंघन कर रहा है। रिकॉर्डिंग में कथित तौर पर कहा गया, 'आप ईरान की ओर बढ़ते हुए नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं। आपको कई बार चेतावनी दी जा चुकी है। मैं आपके इंजन रूम पर फायरिंग की तैयारी कर रहा हूं। इंजन रूम खाली करने के लिए आपके पास 15 मिनट का समय है।'
साभार अमर उजाला
देश / विदेश
होर्मुज जलडमरूमध्य के पास एलपीजी टैंकर पर मिसाइल हमला, सभी 28 भारतीय चालक दल सुरक्षित
- 25 Jul 2026



