नई दिल्ली. स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) के आयोजन से पहले आतंकवादी खतरों के मद्देनजर दिल्ली पुलिस ने पूरी राजधानी में हाई अलर्ट जारी किया है. एहतियात के तौर पर पुलिस ने शहर के प्रमुख स्थलों, सार्वजनिक स्थानों और व्यस्त बाजारों में 19 मोस्ट वॉन्टेड आतंकवादियों के पोस्टर लगाए हैं.
दिल्ली पुलिस की ओर से जारी इन पोस्टरों में इंडियन मुजाहिदीन, अल-कायदा और अलग-अलग खालिस्तानी आतंकी संगठनों से जुड़े खतरनाक संदिग्धों की तस्वीरें और डिटेल्स शामिल हैं.
पोस्टरों में इंडियन मुजाहिदीन के रियाज भटकल और शबांदरी मोहम्मद इकबाल उर्फ इकबाल भटकल, अल-कायदा से जुड़े मोहम्मद शर्जील अख्तर, अबू सुफियान और सैयद मोहम्मद अर्शियान दिखाई दे रहे हैं.
मोस्ट वॉन्टेड आतंकवादियों की लिस्ट में 'खालिस्तान जिंदाबाद फोर्स' के रंजीत सिंह उर्फ नीता, परमजीत सिंह पम्मा, 'खालिस्तान टाइगर फोर्स' के अर्शदीप सिंह उर्फ अर्श डाला और 'बब्बर खालसा इंटरनेशनल' (BKI) के हरविंदर सिंह संधू उर्फ रिंडा, वधावा सिंह बब्बर व गुरमीत सिंह बग्गा जैसे प्रमुख नाम प्रमुखता से शामिल हैं.
बता दें कि हर साल 15 अगस्त और 26 जनवरी के दौरान दिल्ली पर आतंकी हमलों का खतरा सबसे ज्यादा रहता है. इसी को ध्यान में रखते हुए एहतियात के तौर पर सुरक्षा के लिए खतरा बने इन वॉन्टेड आतंकियों की सूची जारी की जाती है, ताकि आम नागरिक भी सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध की पहचान होने पर तुरंत सूचना दे सकें.
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि अगर इनमें से कोई भी संदिग्ध व्यक्ति कहीं दिखाई दे या उनके बारे में कोई जानकारी मिले, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें. पोस्टर में पुलिस कंट्रोल रूम (112) और विशेष प्रकोष्ठ के संपर्क नंबर दिए गए हैं. दिल्ली पुलिस ने ये भी बताया है कि सही सूचना देने वाले को उचित इनाम दिया जाएगा और उसकी पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी.
साभर आज तक
देश / विदेश
15 अगस्त से पहले दिल्ली में हाई अलर्ट: पुलिस ने चिपकाए 19 मोस्ट वॉन्टेड आतंकियों के पोस्टर
- 11 Aug 2026



