न्यूयॉर्क। संयुक्त राष्ट्र (UN) सुरक्षा परिषद में एक महत्वपूर्ण बदलाव हुआ है। 3 जून 2026 को हुए संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) के कड़े चुनावों में किर्गिस्तान को सुरक्षा परिषद (UNSC) के गैर-स्थायी सदस्य के रूप में चुना गया है। एशिया-प्रशांत समूह से यह देश अब पाकिस्तान की जगह लेगा। पाकिस्तान की यूएन से छुट्टी हो चुकी है। यानी भारत के पड़ोसी मुल्क का दो साल का कार्यकाल 2026 के अंत में समाप्त हो रहा है।
किर्गिस्तान का यह नया कार्यकाल 1 जनवरी 2027 से शुरू होकर 31 दिसंबर 2028 तक यानी पूरे दो साल चलेगा। 1992 में संयुक्त राष्ट्र में शामिल होने के बाद यह इतिहास में पहला मौका है जब किर्गिस्तान को विश्व की सबसे शक्तिशाली सुरक्षा परिषद की मेज पर बैठने का अवसर मिला है।
एशिया-प्रशांत सीट के लिए किर्गिस्तान और फिलीपींस के बीच बेहद कड़ा मुकाबला देखने को मिला। पूरे चार राउंड की वोटिंग के बाद, किर्गिस्तान ने 142 वोटों के भारी बहुमत के साथ जीत दर्ज की, जबकि फिलीपींस को 49 वोट मिले। किर्गिस्तान के अलावा ऑस्ट्रिया, पुर्तगाल, त्रिनिदाद और टोबैगो, तथा जिम्बाब्वे को भी 2027-2028 के कार्यकाल के लिए सुरक्षा परिषद का नया गैर-स्थायी सदस्य चुना गया है।
वर्तमान में पाकिस्तान सुरक्षा परिषद का गैर-स्थायी सदस्य है, लेकिन उसका कार्यकाल 2026 के अंत में समाप्त हो जाएगा। इसके बाद एशिया-प्रशांत समूह की सीट पर किर्गिज़स्तान परिषद में शामिल होगा। नए पांच नए देश 2026 के अंत में अपना कार्यकाल पूरा कर रहे सदस्य देशों- पाकिस्तान, डेनमार्क, ग्रीस, पनामा और सोमालिया को रिप्लेस करेंगे।
साभार लाइव हिन्दुस्तान
देश / विदेश
UNSC से पाकिस्तान की छुट्टी, एशिया-प्रशांत सीट पर किर्गिस्तान ने मारी बाजी
- 04 Jun 2026



