लखनऊ। अमेठी कोतवाली क्षेत्र के आवास विकास कॉलोनी स्थित विधायक महाराजी प्रजापति के आवास पर देर शाम करीब 8:30 बजे दो दर्जन से अधिक दबंगों ने धावा बोल दिया। दो स्कॉर्पियो और अन्य गाड़ियों से पहुंचे लाठी-डंडों से लैस इन बदमाशों ने घर में मौजूद लोगों के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। विरोध करने पर उन्होंने कथित तौर पर विधायक की भी पिटाई कर दी और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
शुरुआती जानकारी के अनुसार, यह पूरा विवाद कुछ दिनों पहले सोशल मीडिया पर की गई एक टिप्पणी (कमेंट) को लेकर हुआ है। घटना में शामिल सभी आरोपी समाजवादी पार्टी (सपा) के नेता और कार्यकर्ता बताए जा रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही अमेठी कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है। दूसरी ओर, इस हमले के बाद विधायक समर्थकों में जबरदस्त आक्रोश है और बड़ी संख्या में समर्थक उनके आवास पर एकत्र हो गए हैं।
विधायक के बेटे अनुराग प्रजापति ने इस मामले में अमेठी कोतवाली में तहरीर दी है। उन्होंने शेर बहादुर यादव, बृजेश यादव, जय सिंह प्रताप, बलराम यादव, अनुराग यादव, मनु पाल, विपिन यादव, राजेश यादव और शुभम यादव के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई है। अनुराग प्रजापति ने मुख्यमंत्री से न्याय की गुहार लगाते हुए सपा मुखिया अखिलेश यादव से आरोपियों को तुरंत पार्टी से निष्कासित करने और उन पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
साभार अमर उजाला
देश / विदेश
अमेठी में सपा विधायक महाराजी प्रजापति के आवास पर दबंगों का धावा, मारपीट कर दी जान से मारने की धमकी
- 27 May 2026



