नई दिल्ली. अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर खतरनाक मोड़ पर पहुंचता दिख रहा है. राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन ईरान पर नए सैन्य हमलों की तैयारी में जुटा है. हालांकि बातचीत का रास्ता अभी पूरी तरह बंद नहीं हुआ है, लेकिन व्हाइट हाउस और पेंटागन में तेज हलचल ने बड़े सैन्य एक्शन की आशंका बढ़ा दी है.
CBS और Axios की रिपोर्ट के मुताबिक, शुक्रवार को ट्रंप ने अपने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों और शीर्ष सैन्य अधिकारियों के साथ व्हाइट हाउस में अहम बैठक की. बैठक में उपराष्ट्रपति जेडी वेंस, रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ, CIA डायरेक्टर जॉन रैटक्लिफ और चीफ ऑफ स्टाफ सूजी वाइल्स समेत कई बड़े अधिकारी मौजूद थे.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिकी सेना के कुछ जवानों की मेमोरियल डे छुट्टियां तक रद्द कर दी गई हैं. विदेशों में तैनात अमेरिकी सैन्य ठिकानों के लिए "रिकॉल रोस्टर" अपडेट किए जा रहे हैं ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत कार्रवाई की जा सके.
ट्रंप ने अपने सभी कार्यक्रम रद्द किए, व्हाइट हाउस में मौजूद
राष्ट्रपति ट्रंप ने भी अपने सभी निजी कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं. वह न्यू जर्सी स्थित बेडमिंस्टर गोल्फ क्लब जाने वाले थे, लेकिन अचानक योजना बदलकर वॉशिंगटन लौट आए. उन्होंने अपने बेटे डोनाल्ड ट्रंप जूनियर की शादी में शामिल होने का कार्यक्रम भी कैंसिल कर दिया.
ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा, "सरकारी परिस्थितियों और अमेरिका के प्रति अपने प्रेम की वजह से मुझे व्हाइट हाउस में रहना जरूरी लग रहा है."
उधर ट्रंप के करीबी सलाहकार डैन स्केविनो ने सोशल मीडिया पर B-2 स्टील्थ बॉम्बर्स का वीडियो शेयर किया. अमेरिकी मीडिया ने दावा किया कि पिछली बार भी ऐसा वीडियो पोस्ट होने के अगले दिन अमेरिका और इजरायल ने ईरान पर हमला किया था.
साभार आज तक
देश / विदेश
अमेरिका-ईरान में फिर बढ़े युद्ध के बादल: बड़े सैन्य हमले की तैयारी में ट्रंप प्रशासन, जवानों की छुट्टियां रद्द
- 23 May 2026



