आगरा। यूपी के आगरा से दिल दहलाने वाली खबर सामने आई है। यहां एक निर्दयी मां ने मासूम को पानी में डुबोकर मार डाला। इसके बाद नाले में फेंकने से पहले पत्थर से चेहरा कुचल दिया। आरोपी मां ने अवैध संबंध में बाधा बनने पर हत्याकांड को अंजाम दिया। आरोपी दवा दिलाने के बहाने मासूम को घर से ले आई थी।
आगरा के छत्ता थाना इलाके में यमुना किनारा मार्ग पर नाले में मृत मिली बच्ची की पहचान हो गई। बच्ची को उसकी मां ने ही पानी में डुबोकर हत्या की थी। पहचान छिपाने के लिए चेहरा भी पत्थर से कुचल दिया था।
पुलिस का कहना है कि अवैध संबंध का विरोध करने पर पति से विवाद होने के बाद महिला ने वारदात को अंजाम दिया। वह नहीं चाहती थी कि प्रेमी के साथ जाने के दौरान बेटी किसी तरह की बाधा बने। इस कारण ही उसकी जान ले ली।
मंगलवार रात यमुना किनारा मार्ग स्थित यमुना आरती स्थल के पास नाले में डेढ़ वर्षीय बच्ची का शव मिला था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर शिनाख्त के प्रयास शुरू किए थे। रात में बच्ची के पिता नाई की मंडी स्थित धाकरान निवासी रामू धाकड़ आए।
उन्होंने बताया कि वह चांदी की चेन के कारीगर हैं। बेटी लापता है। उसे ढूंढ रहे हैं। पुलिस ने नाले में मिली बच्ची की फोटो दिखाई तो उन्होंने उसे पहचान लिया। डेढ़ वर्षीय बेटी खुशी के रूप में शिनाख्त की। पोस्टमार्टम गृह पर शव दिखाया गया तो वह रोने लगे।
उन्होंने बताया कि पत्नी ममता सुबह 11:30 बजे बेटी को दवा दिलाने के लिए निकली थी। बच्ची की मां पर ही हत्या करने का शक जताया। देर रात बच्ची की मां खुद ही घटनास्थल पहुंच गई। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। बुधवार को शव पोस्टमार्टम के बाद परिजन के सुपुर्द कर दिया गया। देर शाम परिजन ने अंतिम संस्कार किया।
साभार अमर उजाला
देश / विदेश
अवैध संबंधों की भेंट चढ़ी मासूम: कलयुगी मां ने बेटी को पानी में डुबोकर मारा, फिर पत्थर से कुचला चेहरा
- 09 Apr 2026



