आगरा। आगरा में जूता कारखाना संचालक की आठ साल की बेटी की हत्या किराएदार सुनील ने बड़ी बेरहमी से की थी। हत्या करने के बाद उसने कमरे में जो खून बहा, उसे पानी से धोया। इसके बाद लाश को आटे के ड्रम में ठूंस दिया। इस सनसनीखेज हत्याकांड के बाद पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। पुलिस ने बमरौली कटारा क्षेत्र में आरोपी को घेर लिया। इस दौरान आरोपी से पुलिस की मुठभेड़ हो गए। कई राउंड गोलियां चलीं, जिसमें एक दरोगा भी गोली लगने से घायल हो गए। इस दौरान पुलिस ने आरोपी किराएदार सुनील को ढेर कर दिया।
पुलिस के अनुसार, 24 मार्च को थाना ताजगंज क्षेत्र से 8 वर्षीय बच्ची के लापता होने के बाद तत्काल अभियोग पंजीकृत कर उसकी बरामदगी के लिए टीमों का गठन किया गया था। खोजबीन के दौरान अगले ही दिन, यानी 25 मार्च को बच्ची का शव उसी मकान में किराए पर रह रहे सुनील के कमरे में आटे के ड्रम से बरामद हुआ। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस ने आरोपी सुनील की गिरफ्तारी के लिए 12 टीमों का गठन किया था और उस पर 25,000 रुपये का इनाम भी घोषित किया था।
27 मार्च की रात को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर थाना बमरौली कटारा क्षेत्र में पुलिस टीमों ने घेराबंदी की। जैसे ही सुनील ने खुद को घिरते हुए देखा, उसने पुलिस टीमों पर एक के बाद एक कई राउंड फायर किए। इस फायरिंग में एक दरोगा गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की गोली लगने से सुनील घायल हो गया। घायल अवस्था में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
साभार अमर उजाला
देश / विदेश
आगरा पुलिस का कड़ा एक्शन: मासूम की बेरहमी से हत्या करने वाले 25 हजारी इनामी का एनकाउंटर
- 28 Mar 2026



