Highlights

देश / विदेश

एक्सप्रेस-वे पर दर्दनाक हादसा: बस में लगी आग, चालक की जलकर मौत

  • 22 May 2026

फिरोजाबाद। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर सवारियों को लेकर गुड़गांव जा रही डबल डेकर प्राइवेट बस आगे चल रहे बालू से लदे डंपर में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस में आग लग गई। इस हादसे में बस चालक की आग में जलकर दर्दनाक मौत हो गई। सूचना पर एसपी सिटी, नसीरपुर एवं मटसेना पुलिस के अलावा मुख्य अग्निशमन अधिकारी समेत जनपद से 6 फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। जिसने तीन घण्टे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
बृहस्पतिवार की रात एक डबल डेकर प्राइवेट बस सवारियों को लेकर कानपुर से गुड़गांव जा रही थी। बस में लगभग 40 से अधिक सवारियां सफर कर रही थीं। बस जब रात्रि 2 बजे करीब आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर नसीरपुर थाना क्षेत्र से आगे बढ़ी। तभी बस के आगे चल रहा बालू से लदा डंपर अचानक मटसेना क्षेत्र के किमी संख्या 46 पर अनियंत्रित हो गया। जोकि मध्य डिवाइडर से जा टकराया। तभी पीछे से तेज गति से आ रही सवारियों से भरी बस दुर्घटनाग्रस्त हुए डंपर में तेजगति से पीछे से जा टकराई। हादसा इतनी भयावह था कि देखते ही देखते बस में शॉर्ट सर्किट हो गया और बस में आग लग गई। 
बस में सो रही सवारियों की चीखें निकल गईं। एक के ऊपर एक गिरकर घायल हो गईं। सूचना मिलने पर यूपीडा तथा नसीरपुर एवं मटसेना पुलिस मौके पर आ गई। कुछ ही देर बाद एसपी सिटी रविशंकर प्रसाद, सीओ तेजस त्रिपाठी भी मौके पर आ गए। जिन्होंने बस में फंसे हुए यात्रियों को बाहर निकालकर उपचार के लिए संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया। इस हादसे में बस कंडक्टर गंभीर रूप से घायल हो गया। कुछ ही देर बाद फिरोजाबाद से 2, टूंडला से 1, शिकोहाबाद से 1, सिरसागंज तथा जसराना से फायर ब्रिगेड की एक-एक गाड़ी भी मौके पर आ गई। जिन्होंने आग को बुझाने का कार्य शुरू कर दिया। तीन घण्टे की कड़ी मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया।
साभार अमर उजाला