Highlights

देश / विदेश

कतर, कुवैत और बहरीन दहल उठे: ईरान-अमेरिका जंग में पूरा खाड़ी क्षेत्र झुलसा

  • 17 Jul 2026

नई दिल्ली. ईरान और अमेरिका के बीच जारी जंग अब पूरे खाड़ी क्षेत्र में फैलती नजर आ रही है. संघर्ष में मध्यस्थ की भूमिका निभा रहे कतर पर शुक्रवार तड़के बड़े मिसाइल हमले हुए. कतर के रक्षा मंत्रालय ने पुष्टि की कि उसकी एयर डिफेंस ने देश को निशाना बनाकर दागी गई कई मिसाइलों को हवा में ही मार गिराया. ईरानी सेना का कहना है कि उसने कुवैत में अमेरिकी सेना और लॉजिस्टिकल सपोर्ट सेंटर को ड्रोन हमलों में निशाना बनाया है. इनके अलावा बहरीन में हेलिकॉप्टर और एयरक्राफ्ट को तबाह कर दिया है.
कतर के गृह मंत्रालय के मुताबिक, इंटरसेप्ट की गई एक मिसाइल का मलबा गिरने से एक बच्चा घायल हो गया, जिसका इलाज चल रहा है. राजधानी दोहा में कई तेज धमाकों की आवाजें सुनी गईं और लोगों के मोबाइल फोन पर सुरक्षा अलर्ट जारी कर सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई. हालांकि ईरान ने अब तक आधिकारिक तौर पर कतर पर हमले की जिम्मेदारी स्वीकार नहीं की है.
ईरानी सरकारी मीडिया के मुताबिक, ईरान ने बहरीन में अमेरिकी सैन्य ठिकानों और सखिर एयर बेस को निशाना बनाया. वहीं कुवैत में भी ईरानी सेना ने ड्रोन हमलों के जरिए अमेरिकी सैन्य बलों और लॉजिस्टिक सपोर्ट सेंटर पर हमला करने का दावा किया है. कुवैती सेना ने कहा कि उसकी एयर डिफेंस सिस्टम मिसाइल और ड्रोन को इंटरसेप्ट किया. बयान में कहा गया कि ईरानी सेना ने अराश ड्रोन का इस्तेमाल करके बहरीन में साखिर बेस पर US मिलिट्री हेलीकॉप्टर और P-8 टोही विमान को निशाना बनाया.
साभार आज तक