Highlights

देश / विदेश

कश्मीर में पूर्ण शराबबंदी की मांग: बीजेपी ने घेरा सीएम उमर अब्दुल्ला का आवास, कई नेता हिरासत में

  • 16 May 2026

श्रीनगर। कश्मीर में पूर्ण शराबबंदी की मांग को लेकर BJP ने CM उमर अब्दुल्ला के आवास के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। BJP ने नेशनल कॉन्फ्रेंस सरकार पर साधा निशाना, कहा- 'रेवेन्यू चाहिए तो हम भीख मांग लेंगे'। पढ़ें पूरी खबर।
हम मस्जिदों के बाहर भीख मांग लेंगे... शराबबंदी के लिए सड़कों पर उतरी भाजपा; सीएम का घर घेरा
श्रीनगर में शुक्रवार को जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के आवास के बाहर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने जोरदार प्रदर्शन किया। बीजेपी नेता और कार्यकर्ता कश्मीर घाटी में पूर्ण रूप से शराबबंदी की मांग कर रहे थे। इस दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कई नेताओं को हिरासत में भी लिया।
बीजेपी ने चेतावनी दी है कि अगर नेशनल कॉन्फ्रेंस (NC) की सरकार ने शराबबंदी पर कदम नहीं उठाया, तो पार्टी भविष्य में दूसरे चरण का विरोध प्रदर्शन शुरू करेगी। यह प्रदर्शन दक्षिण कश्मीर के काजीगुंड शहर से लेकर उत्तर कश्मीर में नियंत्रण रेखा (LoC) पर स्थित करनाह इलाके तक किया जाएगा।
मुख्यमंत्री आवास के बाहर पत्रकारों से बात करते हुए बीजेपी नेता अल्ताफ ठाकुर ने कहा, 'बीजेपी हर तरह के नशे और शराब के सेवन के सख्त खिलाफ है। एनसी सरकार जम्मू-कश्मीर के युवाओं को शराब की ओर धकेलना चाहती है।'
ठाकुर ने आगे कहा कि एनसी नेताओं का शराब की बिक्री का समर्थन करना बिल्कुल अस्वीकार्य है। कश्मीर सूफियों और संतों की भूमि है, हम इस धरती पर शराब की दुकानें नहीं खुलने देंगे।
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रदर्शन में शामिल बीजेपी महासचिव अनवर खान ने मुख्यमंत्री और एनसी अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि अगर मुख्यमंत्री और फारूक अब्दुल्ला को शराब की बिक्री से मिलने वाले राजस्व (रेवेन्यू) की ही चिंता है, तो बीजेपी कार्यकर्ता सत्तारूढ़ पार्टी के लिए 'मस्जिदों के बाहर बैठकर भीख मांग लेंगे', लेकिन युवाओं के भविष्य के साथ किसी को खेलने की इजाजत नहीं देंगे।
विरोध कर रहे कई बीजेपी कार्यकर्ताओं ने उपराज्यपाल (LG) मनोज सिन्हा के 100 दिवसीय नशामुक्ति अभियान पर भी सवाल उठाए और पूछा कि इस अभियान में शराब की बिक्री को शामिल क्यों नहीं किया गया है। बता दें कि एलजी ने 11 अप्रैल को 100 दिनों का एंटी-ड्रग ड्राइव लॉन्च किया था, जिसके बाद से इसे शराब पर भी लागू करने की मांग उठ रही है।
साभार लाइव हिन्दुस्तान