हापुड़. उत्तर प्रदेश के हापुड़ में लोग जिस सॉस को चटखारे लेकर खा रहे थे, वह टमाटर से नहीं, बल्कि एक ऐसी मिलावट से बन रहा था, जिसे सुनकर ही हैरानी होती है. चंडी रोड पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जब एक दुकान पर छापा मारा, तो सामने आई तस्वीर ने सबको चौंका दिया. लाल-लाल दिखने वाला सॉस, जिसे लोग स्वाद समझकर खरीद रहे थे, उसमें टमाटर नाम की चीज लगभग गायब थी.
अधिकारियों के मुताबिक, इस सॉस को बनाने के लिए सोडियम, नमक और गाजर का इस्तेमाल किया जा रहा था. ऊपर से इसे बिल्कुल बाजार वाले ब्रांडेड सॉस जैसा लाल दिखाने के लिए कृत्रिम रंग मिलाया जाता था. यानी बोतल में जो दिख रहा था, वह खाने की चीज कम और मिलावट का खेल ज्यादा था. पैकिंग ऐसी कि पहली नजर में कोई भी धोखा खा जाए.
खाद्य सुरक्षा टीम को शिकायत मिली थी कि इलाके में लंबे समय से नकली सॉस तैयार कर बेचा जा रहा है. इसके बाद टीम ने अचानक छापा मारा. दुकान के अंदर जो मिला, उसने पूरे धंधे की पोल खोल दी. बड़ी मात्रा में तैयार सॉस, केमिकल जैसा कच्चा माल और पैकिंग का सामान मौके पर मिला. अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए करीब 30 पेटी सॉस सीज कर दी.
साभार आज तक
देश / विदेश
टमाटर नहीं, गाजर और केमिकल का 'लाल खेल': हापुड़ में नकली सॉस फैक्ट्री का भंडाफोड़
- 20 May 2026



