नई दिल्ली। दिल्ली कैपिटल्स ने कोलकाता नाइट राइडर्स को आईपीएल 2023 के 28वें मैच में 4 विकेट से हरा दिया है। दिल्ली कैपिटल्स की आईपीएल 2023 में ये लगातार पांच हार के बाद पहली जीत है। वहीं कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम को लगातार तीसरी हार मिली है। पहले बल्लेबाजी करते हुए कोलकाता नाइट राइडर्स ने 20 ओवर में सभी विकेट खोकर 127 रन बनाए। इसके जवाब में दिल्ली कैपिटल्स ने डेविड वॉर्नर के अर्धशतक की बदौलत 4 गेंद शेष रहते ये मैच अपने नाम किया।
128 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली कैपिटल्स को डेविड वॉर्नर और शॉ ने अच्छी शुरुआत दिलाई। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 38 रन की साझेदारी हुई। पृथ्वी शॉ एक बार निराशाजनक पारी खेलकर आउट हुए। उन्होंने 11 गेंद में 13 रन बनाए। मिचेल मार्श और वॉर्नर के बीच दूसरे विकेट के लिए 24 रन की साझेदारी हुई। इस बीच राणा ने मिचेल मार्श को पवेलियन भेज दिया। वह दो रन ही बना सके। फिलिप साल्ट भी 5 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद डेविड वॉर्नर ने अर्धशतक पूरा किया। लेकिन वह 41 गेंद में 57 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। मनीष पांडे खराब शॉट खेलकर आउट हुए। पांडे ने 23 गेंद में 21 रन बनाए। इसके बाद अक्षर पटेल ने 22 गेंद में 19 रन की नाबाद पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई। कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम ने वर्षाबाधित मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में सभी विकेट खोकर सिर्फ 127 रन ही बना सकी है। कोलकाता की टीम इस मैच में 4 बदलाव के साथ उतरी थी फिर भी बल्लेबाजी का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। कोलकाता के लिए सलामी बल्लेबाज जेसन राय ने सर्वाधिक 43 रन बनाए। दिल्ली कैपिटल्स के लिए ईशांत शर्मा, एनरिक नॉर्खिया, अक्षर और कुलदीप यादव ने 2-2 विकेट लिए। पहले बल्लेबाजी करने उतरी कोलकाता नाइट राइडर्स की एक बार फिर शुरुआत खराब रही। टीम ने पावरप्ले में ही तीन विकेट गंवा दिए थे। लिटन 4 और राणा 4 रन बनाकर आउट हुए। पिछले मैच में शतक लगाने वाले वेंकटेश अय्यर खाता भी नहीं खोल सके। मनदीप 12 रन बनाकर आउट हुए। रिंकू सिंह भी कुछ कमाल नहीं दिखा सके और 8 गेंद में 6 रन ही बना सके। सुनील नरेन ने 4 रन का योगदान दिया। जेसन राय 39 गेंद में 43 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद आंद्रे रसल एक छोर से टिके रहे लेकिन दिल्ली के गेंदबाजों के खिलाफ बड़े शॉट नहीं लगा सके। हालांकि आखिरी ओवर में उन्होंने लगातार गेंदों पर तीन छक्के लगाए। रसेल 31 गेंद में 38 रन बनाकर नाबाद रहे। अपनी पारी में उन्होंने 4 छक्के और एक चौका लगाया।
साभार लाइव हिन्दुस्तान