नई दिल्ली। दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) ने आईपीएल 2023 के 64वें मुकाबले में पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) को 15 रन से मात दी। दिल्ली ने धर्मशाला के मैदान पर 213/2 का विशाला स्कोर खड़ा किया और पंजाब को 198/8 पर रोक दिया। पंजाब के लिए लियाम लिविंगस्टोन ने तूफानी पारी खेली लेकिन उसपर पानी फिर गया। उन्होंने 48 गेंदों का सामना करने के बाद 94 रन बनाए। उन्होंने 5 चौके और 9 छक्के मारे। इस हार के साथ पंजाब की प्लेऑफ की राह काफी मुश्किल हो गई है। पंजाब की यह सातवीं हार है और वो 13 मैचों में 12 अंकों के साथ प्वाइंट्स टेबल में आठवें पायदान पर हैं। वहीं, दिल्ली पहले ही प्लेऑफ से बाहर हो चुकी है। हालांकि, दिल्ली पांचवीं जीतकर 10वें से नौवें स्थान पर पहुंच गई।
लक्ष्य का पीछा करते हुए पंजाब की शुरुआत खराब रही। कप्तान शिखर धवन शून्य पर दूसरे ओवर में आउट हो गए। प्रभसिमरन सिंह (19 गेंदों में 22) और अथर्व तायडे (42 गेंदों में 55) ने दूसरे विकेट के लिए 50 रन जोड़े। प्रभसिमरन सातवें ओवर में पवेलियन लौटे। वहीं, तायड धीमी बल्लेबाज के कारण 16वें ओवर में रिटायर्ड आउट हुए। उनकी जगह बैटिंग के लिए जितेश शर्मा आए मगर खाता नहीं खुला। शाहरुख खान ने 6 और सैमर करन ने महज 11 रन बनाए। हरप्रीत बराड़ (0) का बल्ला भी खामोश रहा। चौथे नंबर पर उतरे लिविंगस्टोन ने अंत तक मजबूती से मोर्चा संभाला लेकिन दूसरी छोर से साथ नहीं मिला। पंजाब को आखिरी ओवर में जीत के लिए 33 रन चाहिए थे और इशांत शर्मा ने 17 रन खर्च किए। दिल्ली की ओर से इशांत औ नॉर्किया ने दो-दो शिकार किए। खलील अहमद और अक्षर पटेल को एक-एक विकेट मिला। पंजाब के दो प्लेयर रनआउट हुए।
इससे पहले, दिल्ली ने टॉस गंवाने के बाद दिल्ली ने निर्धारित 20 ओवर में 2 विकेट गंवाकर 213 रन जुटाए। डीसी के लिए राइली रोसौव ने सर्वाधिक रन बनाए। उन्होंने 37 गेंदों में 6 चौकों और 6 छक्कों की मदद से नाबाद 82 रन की पारी खेली। पृथ्वी शॉ ने 38 गेंदों में 54 रन बनाए। उन्होंने 7 चौके और 1 छक्का मारा। शॉ ने कप्तान डेविड वॉर्नर के साथ पहले विकेट के लिए 94 रन जोड़े। वॉर्नर 11वें ओवर में आउट हुए। उन्होंने 31 गेंदों में 46 रन का योगदान दिया। उन्होंने 5 चौके और 2 सिक्स ठोके। इसके बाद, शॉ ने रोसौव के साथ दूसरे विकेट के लिए 54 रन की पार्टनरशिप की। शॉ 15वें ओवर में पवेलियन लौटे। वहीं, रोसौव ने फिलिप साल्ट के संग तीसरे विकेट के लिए 65 रन की अटूट साझेदारी की। साल्ट 14 गेंदों में 26 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने 2 चौके और 2 छक्के जड़े। पंजाब के लिए दोनों विकेट सैम करन ने चटकाए।
साभार लाइव हिन्दुस्तान