नई दिल्ली। सीबीआई ने एसबीआई के नेतृत्व वाले बैंकों के समूह को 6,000 करोड़ रुपए से अधिक का नुकसान पहुंचाने के आरोप में रिलायंस कम्युनिकेशन ग्रुप के शीर्ष अधिकारी अमिताभ झुनझुनवाला को गिरफ्तार किया है।
सीबीआई ने सोमवार को जानकारी देते हुए बयान में कहा कि वह उस समय रिलायंस कम्युनिकेशन ग्रुप के ग्रुप मैनेजिंग डायरेक्टर थे और कॉर्पोरेट फाइनेंस, बैंकिंग और फंड मैनेजमेंट जैसे महत्वपूर्ण कार्यों का नियंत्रण संभाल रहे थे।
अमिताभ झुनझुनवाला ने लोन और एडवांस के लिए बैंक के वरिष्ठ अधिकारियों से समन्वय किया। उनके निर्देशों के आधार पर, बैंकों से प्राप्त लोन का प्रबंधन या उपयोग आरकॉम समूह के अन्य अधिकारियों द्वारा किया गया। आरोप है कि लोन के दुरुपयोग के कारण बैंकों को अनुचित नुकसान उठाना पड़ा।
जांच एजेंसी ने आगे कहा कि विभिन्न बैंकों से लोन प्राप्त करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका थी। कंपनी द्वारा लोन चुकाने में विफल रहने के कारण खाते एनपीए बन गए हैं। इसके लिए वे रिलायंस कम्युनिकेशंस ग्रुप की कंपनियों के प्रवर्तकों से निर्देश प्राप्त कर रहे थे।
केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया से प्राप्त शिकायत के आधार पर रिलायंस कम्युनिकेशंस लिमिटेड और अनिल डी. अंबानी के खिलाफ यह एफआईआर दर्ज की है। इन पर बैंक को 2,929.05 करोड़ रुपए का नुकसान पहुंचाने का आरोप है।
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के नेतृत्व में 11 बैंकों के कंसोर्टियम ने रिलायंस कम्युनिकेशंस लिमिटेड को टर्म लोन स्वीकृत किए थे, जिन्हें कुल मिलाकर 6,015 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ। शिकायत के अनुसार, 17 सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों से संबंधित आरकॉम की कुल देनदारी 19,694.33 करोड़ रुपए थी।
साभार नवभारत टाइम्स
देश / विदेश
6,000 करोड़ का बैंक घोटाला: CBI ने रिलायंस कम्युनिकेशन के पूर्व शीर्ष अधिकारी अमिताभ झुनझुनवाला को किया गिरफ्तार
- 02 Jun 2026



