पटना. बिहार की राजधानी पटना के कदमकुआं थाना क्षेत्र में एक युवक का शव उसकी कथित प्रेमिका के घर से मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. युवक को गोली लगी थी और जब तक उसे अस्पताल पहुंचाया जाता, उसकी मौत हो चुकी थी. घटना को लेकर पुलिस और मृतक के परिजनों के अलग-अलग दावे सामने आने से मामला और उलझ गया है. जानकारी के अनुसार, कदमकुआं थाना क्षेत्र के खटाल गली इलाके में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक घर से गोली चलने की आवाज सुनाई दी. आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो देखा कि एक युवक कुर्सी पर खून से लथपथ पड़ा हुआ है. घर में मौजूद महिलाओं ने तुरंत पुलिस को सूचना दी.
मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मृतक की पहचान राहुल के रूप में हुई है. जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि जिस घर से शव मिला, वह उसकी प्रेमिका का घर था. पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा है. पुलिस के अनुसार, प्रेमिका के घर में किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद युवक ने खुद को गोली मार ली. हालांकि पुलिस अभी सभी पहलुओं की जांच कर रही है और फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है. वहीं दूसरी तरफ मृतक राहुल के परिवार ने इस पूरे मामले को हत्या बताया है. परिजनों का आरोप है कि राहुल की प्रेमिका और उसके परिवार ने मिलकर उसकी हत्या करवाई है. परिवार के मुताबिक राहुल एक शोरूम में काम करता था और घटना वाले दिन सुबह वह घर से खाना लेकर निकला था. परिजनों का कहना है कि प्रेमिका ने उसे जबरन अपने घर बुलाया था.
साभार आज तक
देश / विदेश
पटना: प्रेमिका के घर में युवक की संदिग्ध मौत, हत्या या आत्महत्या के बीच उलझी पुलिस
- 12 May 2026



