Highlights

देश / विदेश

पहाड़ों पर कुदरत का कहर: हिमाचल-उत्तराखंड में 290 सड़कें बंद, बांदीपोरा में बादल फटने से तबाही

  • 29 Jul 2026

शिमला/श्रीनगर/नई दिल्ली। भारी बारिश के चलते पहाड़ों पर भारी तबाही हुई है। उत्तराखंड और हिमाचल में भूस्खलन व बारिश के चलते करीब 290 सड़कें बंद हैं। वहीं, जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा में बादल फटने सैलाब के रूप में भारी मलबा नीचे आया और कई घरों में भर गया। बारिश और तेज आंधी से कई पेड़ भी गिर गए। 
28-29 जुलाई की दरम्यानी रात जारी पूर्वानुमान में मौसम विभाग ने कहा, उत्तरी आंतरिक ओडिशा और दक्षिणी झारखंड और छत्तीसगढ़ के आसपास के क्षेत्रों में गहरा दबाव पिछले 6 घंटों में 18 किमी प्रति घंटे की गति से पश्चिम दिशा की ओर बढ़ा है। अगले 24 घंटों के दौरान इसके उत्तरी आंतरिक ओडिशा और उत्तरी छत्तीसगढ़ से होते हुए लगभग पश्चिम की ओर बढ़ने की प्रबल संभावना है। IMD के मुताबिक उत्तर-पश्चिम भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 20 राज्यों में भारी बारिश हो रही है।
मौसम विभाग ने कहा, कल यानी 28 जुलाई भारतीय समयानुसार रात 11:30 बजे गहरे दबाव का क्षेत्र उत्तरी ओडिशा और दक्षिणी झारखंड और छत्तीसगढ़ के आसपास के क्षेत्रों में था। झारसुगुड़ा (ओडिशा) से लगभग 30 किमी पूर्व, राउरकेला (ओडिशा) से 60 किमी दक्षिण-पश्चिम, संबलपुर (ओडिशा) से 70 किमी उत्तर-पूर्व, रायगढ़ (छत्तीसगढ़) से 110 किमी पूर्व और क्योंझरगढ़ (ओडिशा) से 120 किमी पश्चिम-उत्तर-पश्चिम में केंद्रित इस गहरे दबाव के कारण तीनों राज्यों में झमाझम बारिश हुई। बारिश से गर्मी भी कम हुई और झारखंड में मंगलवार को तापमान 20-25 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
साभार अमर उजाला