सैदनगली (अमरोहा)। यूपी के अमरोहा जिले के थाना क्षेत्र के गांव ताजपुर डूंगर में बृहस्पतिवार दोपहर किसान के निर्माणाधीन मकान का लिंटर अचानक भरभराकर गिर गया, जिससे उसके नीचे बैठे परिवार के लोग और रिश्तेदार मलबे में दब गए। हादसे में किसान की बेटी मीना (26), नाती जसप्रीत (02) और सास सुमरती (65) की मौत हो गई जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद गांव में चीख-पुकार मच गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
गांव निवासी किसान मुरारी अपने खेत में नया मकान बनवा रहे थे। बृहस्पतिवार दोपहर करीब तीन बजे मकान के लिंटर की ढलाई पूरी हुई थी। इसी दौरान बारिश शुरू हो गई, जिससे परिवार के सदस्य और रिश्तेदार बचाव के लिए निर्माणाधीन मकान के लिंटर के नीचे बैठकर खाना खाने लगे। तभी अचानक लिंटर भरभराकर नीचे गिर पड़ा और सभी उसके मलबे में दब गए।
हादसे की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े और बचाव कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद मलबे में दबे नौ लोगों को बाहर निकाला गया। हादसे में मुरारी की बेटी मीना, दो वर्षीय नाती जसप्रीत और सास सुमरती की मौत हो गई। वहीं दामाद शिव कुमार, नाती नवीन, ससुर केशवराम, बेटा प्रशांत, भतीजा शिवम और ग्रामीण रवि घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
साभार अमर उजाला
देश / विदेश
बारिश से बचने लिंटर के नीचे बैठे थे लोग, अचानक ढहा मकान; मासूम समेत 3 की मौत से गांव में मातम
- 07 Aug 2026



