रोहतास। भभुआ-सासाराम-पटना इंटरसिटी एक्सप्रेस में सोमवार की अहले सुबह अचानक आग लगने से स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई। आग ट्रेन की जनरल बोगी में लगी, जिससे कुछ ही देर में धुआं और लपटें उठने लगीं। घटना के समय ट्रेन प्लेटफार्म पर खड़ी थी और बड़ी संख्या में यात्री बोगी में सवार थे। आग लगते ही यात्रियों के बीच भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए जल्दबाजी में ट्रेन से नीचे उतरने लगे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पहले बोगी से धुआं निकलता दिखाई दिया, जिसके बाद अचानक आग तेजी से फैल गई। सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक जनरल कोच का एक बड़ा हिस्सा जलकर क्षतिग्रस्त हो चुका था।
समय रहते सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। घटना के बाद स्टेशन परिसर में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। यात्रियों में भय और दहशत देखी गई। कई यात्री अपना सामान छोड़कर ही नीचे उतर गए।
आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट या किसी यात्री द्वारा ज्वलनशील सामग्री ले जाने की आशंका जताई जा रही है। लेकिन जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।
साभार लाइव हिन्दुस्तान
देश / विदेश
भभुआ-पटना इंटरसिटी एक्सप्रेस की जनरल बोगी में लगी भीषण आग, स्टेशन पर मची भगदड़; टला बड़ा हादसा
- 18 May 2026



