नई दिल्ली। मुंबई इंडियंस (एमआई) ने आईपीएल 2023 के 54वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) के खिलाफ धमाकेदार जीत हासिल की। मुंबई ने आरसीबी को स्टेडियम में 6 विकेट से रौंदा। मुंबई को 200 रन का टारगेट मिला, जो उसने महज 16.3 ओवर में चार विकेट खोकर हासिल कर लिया। सूर्यकुमार यादव (35 गेंदों 83, सात चौके, 6 छक्के) ने तूफानी पारी खेली। वहीं, नेहल वढेरा 34 गेंदों में 52 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने 4 चौके और 3 छक्के मारे। सूर्या और नेहल ने तीसरे विकेट के लिए 140 रन की दमदार साझेदारी की।
लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई ने अच्छा आगाज किया। ईशान किशन (21 गेंदों में 42, चार चौके, चार छक्के) और रोहित शर्मा ने पहले विकेट के लिए 51 रन जोड़े। रोहित 8 गेंदों केवल 7 रन ही बना सके। ईशान और रोहित को हसरंगा ने पांचवें ओवर में पवेलियन भेजा। इसके बाद, सूर्या और नेहल ने मोर्चा संभाला और आरसीबी के गेंदबाजों की जमकर बखिया उधेड़ी। विजयकुमार वैशाख ने16वें ओवर में सूर्या और टिम डेविड (0) का शिकार किया। नेहल ने हर्षल के खिलाफ छक्का लगाकर मुंबई को जीत दिलाई। मुंबई ने इसी के हाथ हार का हिसाब भी चुकता कर दिया है। एमआई और आरसीबी की जब 2 अप्रैल को बेंगलुरु में भिड़ंत हुई थी, तब डुप्लेसी ब्रिगेड ने आठ विकेट से जीत हासिल की।
इससे पहले, आरसीबी ने निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट गंवाकर 199 रन जुटाए। आरसीबी ने खराब आगाज किया। विराट कोहली (1) पहले ओवर में ही आउट हो गए। अनुज रावत 6 रन ही बना सके। यहां से फाप डुप्लेसी और ग्लेन मैक्सवेल ने मजबूत साझेदारी की। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 120 रन जुटाए। मैकसवेल ने 33 गेंदों में 8 चौकों और 4 छक्कों के दम पर 68 रन की पारी खेली और 13वें ओवर में पवेलियन लौटे। डुप्लेसी ने 15वें ओवर में विकेट खोया। उन्होंने 41 गेंदों में 65 रन बनाए। उन्होंने 5 चौके और 3 छक्के जड़े। महिपाल लोमरोर (1) का बल्ला नहीं चला। दिनेश कार्तिक ने 18 गेंदों में 30 रन का योगदान दिया। केदार जाधव और हसरंगा 12-12 रन बनाकर नाबाद रहे। मुंबई के लिए बेहरनडॉप ने सर्वाधिक तीन विकेट चटकाए।
साभार लाइव हिन्दुस्तान