Highlights

देश / विदेश

मेरठ में कांवड़ियों की गुंडागर्दी का वीडियो वायरल: पुलिस जीप से खींचकर 2 लोगों को पीटा, 'पुलिसकर्मियों की पिटाई' के दावे पर UP पुलिस की सफाई

  • 04 Aug 2026

मेरठ. यूपी के मेरठ में कांवड़ यात्रा के दौरान हुई एक मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. जिसमें बड़ी संख्या में कांवड़िए पुलिस की जीप से दो लोगों को बाहर निकालकर उनकी पिटाई करते दिखाई दे रहे हैं. वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तरह-तरह के दावे किए जाने लगे. कुछ यूजर्स ने दावा किया कि पीटे गए लोग सादी वर्दी में पुलिसकर्मी थे और कांवड़ियों ने उनके साथ मारपीट की. हालांकि मेरठ पुलिस ने इन दावों को पूरी तरह गलत बताया है.
घटना मेरठ के दौराला थाना क्षेत्र में दिल्ली-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-58) पर हुई बताई जा रही है. पुलिस का कहना है कि यह मामला दो कांवड़ियों के बीच हुए विवाद का था और इसे मौके पर ही शांत करा दिया गया था. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि पुलिस की एक जीप के आसपास बड़ी संख्या में लोग जमा हैं. इसी दौरान भीड़ जीप के अंदर मौजूद दो लोगों को बाहर खींच लेती है. बाहर निकालने के बाद दोनों के साथ मारपीट शुरू हो जाती है. वीडियो में एक वर्दीधारी पुलिसकर्मी भी नजर आता है, जो भीड़ को रोकने की कोशिश करता दिखाई देता है. मारपीट के दौरान दोनों युवकों के कपड़े फटे हुए दिखाई देते हैं.
वीडियो में आगे दिखता है कि मारपीट से बचने के लिए एक व्यक्ति खेतों की ओर भागता है, लेकिन उसके पीछे भी कुछ लोग दौड़ पड़ते हैं और खेत में भी डंडों से उसकी पिटाई करते दिखाई देते हैं. जिनको पिटाई हो रही है वो फोन पर किसी को बुला रहे हैं, कहते हैं साहब जल्दी आ जाओ, हम मर जाएंगे. तभी भीड़ कहती है बुला ले, तू तो मरेगा ही. 
साभार आज तक