Highlights

देश / विदेश

महाराष्ट्र: उफनती नदी पार करने की कोशिश पड़ी भारी, यवतमाल में एसयूवी बहने से तीन की मौत

  • 01 Aug 2026

मुंबई। महाराष्ट्र के यवतमाल जिले में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया। यहां एक महिला और उसकी दो बेटियों के शव उस एसयूवी के साथ बरामद किए गए, जो बाढ़ के पानी में बह गई थी। तीनों बीते गुरुवार से लापता थीं।
यह हादसा उस समय हुआ, जब परिवार अहिल्यानगर जिले के लोनी इलाके की ओर जा रहा था। भारी बारिश के कारण दरव्हा क्षेत्र में कुपटी नदी का पानी पुल के ऊपर से बह रहा था। चालक पानी की गहराई और तेज बहाव का सही अंदाजा नहीं लगा सका। पुल पार करने की कोशिश के दौरान कार तेज बहाव में बह गई।
वाहन के बहने के दौरान अविनाश खंडारे ने सूझबूझ दिखाते हुए एक पेड़ को पकड़ लिया और अपनी जान बचा ली। हालांकि, उनकी पत्नी माधवी और उनकी दो छोटी बेटियां वाहन के भीतर ही तेज बहाव में बह गईं। वह उन्हें बचाने में कामयाब नहीं हुए। हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर पहुंचीं। प्रशासन ने पूरी रात सघन तलाश अभियान चलाया। इसके बाद तीनों के शव बरामद कर लिए गए।
साभार अमर उजाला