नई दिल्ली. उत्तर प्रदेश के वाराणसी में लाल बहादुर शास्त्री इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कस्टम अधिकारियों को बड़ी कामयाबी मिली है. कस्टम विभाग ने छह थाईलैंड के नागरिकों को गिरफ्तार किया है, जिनमें तीन महिलाएं भी शामिल हैं.
इन विदेशी नागरिकों के पास से भारी मात्रा में 'हाइड्रोपोनिक गांजा' बरामद किया गया है. जानकारी के मुताबिक अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस जब्त किए गए गांजे की कीमत 19 करोड़ रुपये से ज्यादा आंकी गई है.
कस्टम और पुलिस अधिकारियों ने सोमवार को इस बड़ी कार्रवाई की जानकारी साझा की. उन्होंने बताया कि ये कार्रवाई शनिवार को की गई थी, जब ये सभी आरोपी बैंकॉक से एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान (IX-215) के जरिए वाराणसी पहुंचे थे.
एयरपोर्ट पर रूटीन चेकिंग और स्क्रीनिंग के दौरान इन यात्रियों की गतिविधियों पर संदेह हुआ. इसके बाद कस्टम अफसरों ने उन्हें रोक लिया और उनके सामान की तलाशी ली. जांच करने पर उनके ट्रॉली बैग के अंदर से 19.7 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद हुआ. तस्करों ने इस प्रतिबंधित नशीले पदार्थ को छिपाने के लिए प्लास्टिक के पैकेटों का इस्तेमाल किया था.
साभार आज तक
देश / विदेश
वाराणसी एयरपोर्ट पर कस्टम की बड़ी कार्रवाई: 19 करोड़ रुपये के 'हाइड्रोपोनिक गांजे' के साथ 6 थाई नागरिक गिरफ्तार
- 02 Jun 2026



