Highlights

देश / विदेश

सांप से डसवाकर पति का कत्ल: मेरठ पुलिस ने खोला सनसनीखेज मर्डर केस, बेवफाई और बीमे की रकम के लिए रची साजिश

  • 18 Jul 2026

मेरठ. मेरठ के हस्तिनापुर थाना क्षेत्र में सांप के डसने से हुई युवक की मौत का मामला पुलिस जांच में हत्या निकला. पुलिस के मुताबिक मृतक की पत्नी ने अपने प्रेमी और दो अन्य साथियों के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने के लिए जहरीले सांप का इस्तेमाल किया. हत्या के पीछे 20 लाख रुपये की बीमा राशि और प्रेम संबंध वजह बताए गए हैं.
पुलिस के अनुसार ग्राम भंडोरा निवासी 35 वर्षीय अतुल पंवार अपनी पत्नी दामिनी के साथ हस्तिनापुर के रामलीला मैदान स्थित कृष्णा किड्स पब्लिक स्कूल का संचालन करता था. दोनों ने वर्ष 2019 में प्रेम विवाह किया था. शुक्रवार सुबह दामिनी ने पति को सांप के काटने की सूचना देकर सीएचसी हस्तिनापुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटनास्थल पर अतुल के बिस्तर में सांप भी मिला. संदिग्ध परिस्थितियां होने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू की.
जांच के दौरान पुलिस ने दामिनी के मोबाइल की कॉल डिटेल और तकनीकी साक्ष्यों की पड़ताल की. जिसमें स्कूल के ड्राइवर तुषार उर्फ निक्की से उसके लगातार संपर्क सामने आए. पूछताछ में तुषार ने बताया कि उसका दामिनी से प्रेम संबंध था. दोनों ने अतुल की हत्या की साजिश रची थी. योजना के तहत गुरुवार रात अतुल को दूध में नींद की गोलियों की अधिक मात्रा दी गई, जिससे वह गहरी नींद में चला गया.
इसके बाद सोनू और उदय की मदद से जहरीले सांप को कमरे में लाकर उसके कंबल में छोड़ दिया गया, जिससे सांप ने अतुल को डस लिया और उसकी मौत हो गई. पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि अतुल के नाम करीब 20 लाख रुपये का बीमा था. आरोपियों ने बीमा की रकम मिलने के बाद सहयोग करने वाले सोनू और उदय को पांच लाख रुपये देने का वादा किया था. इसके अलावा करीब 20 दिन पहले भी तुषार ने अतुल को अर्टिगा कार से टक्कर मारकर मारने का प्रयास किया था, लेकिन हेलमेट पहने होने के कारण वह बच गया था.
साभार आज तक